Nawada News: बख्तियारपुर-रजौली एनएच-20 पर 30 तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
Nawada News: बख्तियारपुर-रजौली एनएच-20 पर नवादा में अतिक्रमण हटाओ अभियान अब 30 अगस्त तक चलेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुरोध पर नवादा के डीएम रविप्रकाश ने समयसीमा बढ़ाई। पहले चरण में अतिक्रमण हटाने का कार्य 5 अगस्त से चल रहा है और अब 30 अगस्त तक जारी रहेगा।

Nawada News: बख्तियारपुर-रजौली एनएच-20 फोरलेनिंग पर नवादा में अतिक्रमण हटाओ अभियान अब 30 अगस्त तक चलेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(एनएचएआई) गयाजी के परियोजना निदेशक के अनुरोध पर नवादा के डीएम रविप्रकाश द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान की समय सीमा में विस्तार किया है। अब यह 30 अगस्त तक चलेगा। इससे पूर्व 17 अगस्त से 20 अगस्त तक मस्तानगंज से रामदेव मोड़ तक तथा 22 अगस्त से 25 अगस्त तक हरदिया से रामदेव मोड़ तक अभियान चलाने का आदेश दिया गया था। परंतु परियोजना निदेशक के अनुरोध पर रामदेव मोड़ से मस्तानगंज तक की समय सीमा को 22 अगस्त से 25 अगस्त तक तथा हरदिया से रामदेव मोड़ तक 25 अगस्त से 30 अगस्त तक अतिक्रमण हटाने के लिए अवधि विस्तार किया गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए नवादा के अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी आनंद कुमार गुप्ता की वरीय दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति की गई है।
अतिक्रमण हटाने के उपाय
साथ ही एनएच-20 पर अतिक्रमण हटाने व विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु उक्त स्थलों पर निर्धारित तिथि तक पुलिस लाइन के डीएसपी को पर्याप्त संख्या में पुलिसबलों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है। फरहा से आगे तक चला अभियान सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नवादा के डीएम के आदेशानुसार एनएचएआई व जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से जिले में 05 अगस्त से अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जा रहा है। पहले चरण में खरांट से मस्तानगंज में एनएच-20 व सर्विस लेन में अतिक्रमण हटाया गया। इसके बाद दूसरे चरण में 17 अगस्त से मस्तानगंज से लेकर रामदेव मोड़ के बीच एनएच-20 पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। नवादा के जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार व एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक (मेंटेनेंस) आरके त्रिपाठी के नेतृत्व में अकबरपुर सीओ संजय कुमार की देखरेख में सर्विस लेन में लगाये गये कई अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। इस दौरान एनएच-20 के किनारे फरहा, राजादेवर आदि गांवों के समीप सर्विस लेन में कई मकानों व दुकानों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। वहीं कई जगहों पर गुमटी, शेड, टीना-टप्पर आदि को भी हटाया गया। कुछ जगहों पर लोगों ने आंशिक रूप से विरोध किया, परंतु जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा उसे समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया।
जुर्माना और दंड
अवैध पार्किंग व परिचालन पर 1.50 लाख जुर्माना जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा एनएच-20 पर वाहनों की जांच का सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान एनएच-20 पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया गया। साथ ही विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी वाहनों पर जुर्माना किया गया। इस दौरान सभी वाहनों पर कुल 01 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही वाहनों का ऑन दी स्पॉट चालान काटा गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहनों के चालकों से अनाधिकारी स्थानों पर वाहनों को पार्क नहीं करने का निर्देश दिया। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)


