Nawada News: दो घंटे से अधिक झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, किसान गदगद
Nawada News: जिले में दो दिनों से जारी बारिश के बीच बुधवार के तीसरे पहर हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। इससे किसान खुश हैं, जबकि जलजमाव ने शहरी क्षेत्रों में परेशानी बढ़ा दी है। इससे जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है और भूजल रीचार्ज होगा।

Nawada News: जिले में पिछले दो दिनों से जारी छिटपुट बारिश के बीच woensdag के तीसरे पहर से लगभग दो घंटे से अधिक देर तक ठहर कर हुई बारिश ने मौसम को एकदम से सुहाना बना दिया। पारा काफी नीचे गिर गया है, जिससे हवाएं ठंडी हो गयी हैं। दिन में भी राहत रही तो, ठंडी हवाओं के कारण रातें भी आरामदायक ही रहेंगी। अच्छी बारिश जिले के लगभग सभी प्रखंडों में हुई, जिससे किसान भी गदगद हो गए हैं। इस दो घंटे की अच्छी बारिश ने एक ओर जहां शहर के तापमान को अचानक गिराकर मौसम एकदम सुहाना बना दिया, वहीं दूसरी ओर नगर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। आसमान में उमड़ते-घुमड़ते काले बादलों और ठंडी हवाओं के साथ शुरू हुई इस बारिश ने जिलेवासियों को राहत और आफत का दोतरफा अहसास कराया है। हालिया उमस व गर्मी से जूझ रहे लोगों को जहां सुकून मिला है, वहीं शहरी व ग्रामीण इलाकों में सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं, जिससे परेशानियों से दो-चार होने की भी स्थिति बन गयी। वहीं लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे नवादा के किसानों के चेहरे पर इस बारिश ने मुस्कान लौटा दी है। खेतों में पानी जमा होने से धान के बिचड़े यानी मोरी को नया जीवन मिल गया है। जबकि, विभिन्न इलाकों में किसान अब तेजी से धान की रोपनी में जुट जाएंगे। बारिश के इस पानी से किसानों को महंगे डीजल पंपसेट चलाने से बड़ी मुक्ति मिल गयी है। वहीं जलस्तर में वृद्धि न हो पाने से जूझ रहे नवादा जिले के जलस्रोतों, आहर-पाइनों और पोखरों में भी इस बारिश से किसी दह तक पानी जमा होने लगा है। इससे भूजल रीचार्ज होगा, जिससे भविष्य में पेयजल संकट दूर होने की संभावना है।
शहर भर की सड़कों पर हुआ जलजमाव
नवादा। बुधवार के तीसरे पहर से शुरू हुई दो घंटे की बारिश ने नवादा नगर परिषद के ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। शहर की मेन रोड, पुरानी बाजार, अस्पताल रोड, स्टेशन रोड, कलाली रोड, गढ़पर रोड, वीआईपी कॉलोनी और न्यू एरिया की सड़कें जलमग्न हो गईं। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। कीचड़मय सड़कों पर चलना दुश्वार हो गया है। सार्वजनिक स्थलों का भी हाल बुरा हो गया है। बस स्टैंड, अस्पताल और कई सरकारी स्कूल जलमग्न हो गए हैं। नवादा का मुख्य बस स्टैंड कीचड़ और जलजमाव से सराबोर हो गया है। सदर अस्पताल परिसर और ओपीडी के बाहर पानी जमा दिख रहा है। जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों को भी क्लास तक पहुंचने में भारी फजीहत झेलनी पड़ सकती है। (नवादा से राजेश मंझवेकर)


