Nawada News: आपात स्थिति से निबटने के लिए जिला दंगा निरोधी बल का गठन

हिन्दुस्तान, नवादा
share

Nawada News: सरकार आमलोगों तक पुलिस की पहुंच बनाने और आकस्मिक परिस्थितियों पर नियंत्रण के लिए कार्य कर रही है। नवादा में दंगा निरोधी बल (डीएआरएफ) का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य दंगा और हिंसा की स्थितियों से त्वरित निपटारा करना है। इसमें पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।

Nawada News: आपात स्थिति से निबटने के लिए जिला दंगा निरोधी बल का गठन

Nawada News: आमलोगों तक पुलिस की पहुंच बनाने व विभिन्न प्रकार की आकस्मिक परिस्थितियों पर तत्काल नियंत्रण कर विधि व्यवस्था को प्रभावी बनाये रखने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इन्हीं उद्देश्यों के निहितार्थ जिले में दंगा निरोधी बल यानि डिस्ट्रिक्ट एंटी रायट फोर्स (डीएआरएफ) का गठन किया गया है। यह विधि-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा दंगा एवं आकस्मिक परिस्थितियों से त्वरित ढंग से निपटने में सक्षम होगा। इसके तहत जिलों को ए, बी और सी श्रेणी में बांटकर बल एवं वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का प्रावधान किया गया है। नवादा को बी श्रेणी में रखा गया है। इसके तहत जिले को एक कम्पनी अर्थात तीन प्लाटून पुलिसबल की आवश्यक्ता होगी। तत्काल आंतरिक रिसोर्स से तीन प्लाटून पुलिसबल डीएआरएफ में प्रतिनियुक्त किये गये हैं। पुलिस लाइन के डीएसपी को डीएआरएफ का इंचार्ज बनाया गया है।

डीएआरएफ के लक्ष्य

20 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचने का लक्ष्य डीएआरएफ को दंगा, हिंसक प्रदर्शन, आगजनी, तोड़फोड़, सांप्रदायिक तनाव अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार किया जा रहा है। दंगा या हिंसा की सूचना मिलने पर जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा तत्काल सूचना प्रसारित की जाएगी और डीएआरएफ को 20 मिनट के अंदर निर्धारित घटनास्थल पर पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दंगा निरोधी बल को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार बल की संख्या बढ़ाकर कार्रवाई करने का भी प्रावधान किया गया है।

पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण

विशेष प्रशिक्षण डीएआरएफ में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का अभ्यास कराया जाएगा। सभी संबंधित कर्मियों को रैपो (रैपिड एक्शन पुलिस ओरियेंटेशन) सेंटर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को डीएआरएफ में शामिल किया जाएगा। प्रत्येक तीन माह में रोटेशनल ट्रेनिंग के माध्यम से पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करने की व्यवस्था है। प्रशिक्षण प्राप्त बल को दंगा नियंत्रण संबंधी सभी आवश्यक संसाधन और उपकरण उपलब्ध कराने तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल एवं अभ्यास कराने के निर्देश दिये गये हैं।

डीएआरएफ का उपयोग

इन परिस्थितियों में होगा उपयोग डीएआरएफ का उपयोग दंगा नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बिगड़ने, उपद्रव, या दंगे जैसी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में किया जा सकेगा। साथ ही भीड़ प्रबंधन की स्थिति में बड़े आयोजनों, रैलियों, प्रदर्शनों या त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इनका उपयोग किया जा सकेगा। वहीं शांति और सुरक्षा बनाये रखने के लिए इन्हें संवेदनशील इलाकों में गश्त करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने में किया जा सकेगा। जिला स्तर पर डीएआरएफ की सफलता के आधार पर अनुमंडल स्तर पर भी इस प्रकार की टीम के गठन का प्रावधान किया गया है। इसके लिए प्रशिक्षण के साथ-साथ पुलिसबल व वाहनों को उपलब्ध कराया जाएगा।

डीएआरएफ का गठन

वर्जन जिले में डीएआरएफ का गठन कर दिया गया है। लाइन डीएसपी इसके इंचार्ज बनाये गये हैं। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने में इसका इस्तेमाल किया जाएगा। प्रोक्योरमेंट के बाद यह पूरी तरह सक्रिय हो सकेगा। इसकी सफलता के बाद अनुमंडल स्तर पर टीम गठित की जाएगी। ताकि कम समय में घटनास्थल पर पहुंचा जा सके। ------------ अभिनव धीमान, नवादा एसपी। अभिषेक कुमार होंगे डीएसपी स्पेशल क्राइम नवादा। नवादा के ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक कुमार को नवादा के डीएसपी, स्पेशल क्राइम (विशेष अपराध) का प्रभार दिया गया है। वे एससी/एसटी, महिला उत्पीड़न, बच्चों की गुमशुदगी से जुड़े मामलों का पर्यवेक्षण करेंगे। साथ ही वे मानव तस्करी रोधी इकाई (एएचटीयू) के भी इंचार्ज होंगे। इसके अलावा उन्हें महिला थाना व एससी/एसटी थाना का पर्यवेक्षण पदाधिकारी भी बनाया गया है। डीएसपी अभिषेक कुमार वर्तमान में सदर एसडीपीओ-01 के भी प्रभार में हैं। (नवादा से अरविन्द कुमार रवि)

सामान्य प्रश्न

✦डीएआरएफ का गठन क्यों किया गया है?−
डीएआरएफ का गठन विधि व्यवस्था को मजबूत करने और दंगा एवं आकस्मिक परिस्थितियों से त्वरित ढंग से निपटने के लिए किया गया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsनवादाNawada News: आपात स्थिति से निबटने के लिए जिला दंगा निरोधी बल का गठन