हाई-टेक हुई शिक्षा, स्मार्ट क्लास ने जगाई पढ़ाई के प्रति नई रुचि

Feb 16, 2026 01:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

​नरहट, एक संवाददाता शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों का असर अब ग्रामीण के क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। नरहट प्रखंड के उत्क्रमित इंटर विद्यालय चैनपुरा में शिक्षा का स्तर अब डिजिटल कंटेंट...

हाई-टेक हुई शिक्षा, स्मार्ट क्लास ने जगाई पढ़ाई के प्रति नई रुचि

नरहट, एक संवाददाता शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों का असर अब ग्रामीण के क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। नरहट प्रखंड के उत्क्रमित इंटर विद्यालय चैनपुरा में शिक्षा का स्तर अब डिजिटल कंटेंट के माध्यम से उन्नत हो रहा है। स्मार्ट क्लास के संचालन से छात्रों में न केवल सीखने की दिलचस्पी बढ़ी है, बल्कि आत्मविश्वास में भी इजाफा हुआ है। अब चॉक और डस्टर के साथ-साथ डिजिटल तकनीक छात्रों के हाथों में है। इससे न केवल शिक्षकों के लिए अध्यापन कार्य सुलभ हुआ है, बल्कि छात्र अपनी जिज्ञासाओं का समाधान तत्काल वीडियो और ऑडियो के माध्यम से पा रहे हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

यह तकनीक शिक्षा को सहज, सुलभ और बहुपयोगी बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। स्मार्ट क्लास ने शिक्षण व्यवस्था को एक नई ऊंचाई प्रदान की है। विद्यालय में स्थापित आधुनिक स्मार्ट टीवी और इंटरनेट की सुविधा ने पारंपरिक ब्लैक बोर्ड शिक्षण को पीछे छोड़ दिया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक भूषण कुमार ने बताया कि इस डिजिटल पहल का उद्देश्य छात्रों को रटने के बजाय समझने पर जोर देना है। अब गणित के जटिल फार्मूले हो या विज्ञान के प्रयोग, छात्र उन्हें एनिमेशन और वीडियो के माध्यम से लाइव देख रहे हैं। इससे न केवल कक्षा का माहौल रुचिकर हो गया है, बल्कि छात्रों की उपस्थिति में भी अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। साइंस के शिक्षक बाल पोल कुमार ने बताया कि डिजिटल उपकरणों के माध्यम से कठिन वैज्ञानिक सिद्धांतों को विजुअल तौर पर समझना अब बेहद आसान और रोचक हो गया है। वहीं, कंप्यूटर साइंस के शिक्षक अरविंद कुमार के अनुसार, स्मार्ट क्लास छात्रों को तकनीकी रूप से साक्षर बना रही है, जो भविष्य की जरूरतों के लिए अनिवार्य है। गणित के शिक्षक निरंजन कुमार ने अनुभव साझा किया कि जटिल फॉर्मूले और ज्यामिति के ग्राफ अब स्क्रीन पर आसानी से समझाए जा सकते हैं, जिससे छात्रों में विषय के प्रति रुचि बढ़ी है। कुल मिलाकर, यह तकनीक शिक्षा को इंटरैक्टिव और प्रभावी बना रही है। स्मार्ट क्लास पर छात्रों की राय पहले हमें इतिहास के युद्ध या विज्ञान की प्रक्रियाएं कल्पना करनी पड़ती थी, लेकिन अब स्मार्ट टीवी पर वीडियो देखकर सब कुछ सामने जैसा लगता है। ज्योति कुमारी, छात्रा, नवमी कक्षा। वीडियो के माध्यम से कठिन चैप्टर भी आसानी से समझ में आ जाती है और हमें परीक्षा की तैयारी करने में बहुत सहूलियत हो रही है। इससे फायदा हुआ है। प्रिया कुमारी, छात्रा, नवमी कक्षा स्मार्ट क्लास में पढ़ाई करना बहुत मजेदार है। कोई भी छात्र इस क्लास को मिस नहीं करना चाहता। पढ़ने में रुचि बढ़ गई है। अंकित कुमार, छात्र, नवमी कक्षा डिजिटल कंटेंट के माध्यम से हमारा ज्ञानवर्धन अच्छे तरीके से हो रहा है और जो पाठ पहले कठिन लगते थे, अब वे बहुत सरल हो गए हैं। अंजलि कुमारी, छात्रा, नवमी कक्षा

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।