महाशिवरात्रि : हर हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

Feb 16, 2026 01:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा, हिन्दुस्तान टीम।देवाधिदेव महादेव का पूजनोत्सव जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देवों के देव भगवान भोले भंडारी को नमन करने सम्पूर्ण भक्तिभाव से जिले भर के शिवालयों...

महाशिवरात्रि : हर हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

नवादा, हिन्दुस्तान टीम। देवाधिदेव महादेव का पूजनोत्सव जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देवों के देव भगवान भोले भंडारी को नमन करने सम्पूर्ण भक्तिभाव से जिले भर के शिवालयों में अहले सुबह से शिवभक्तों की अपार भीड़ उमड़ती रही। जग के प्रतिपालक भगवान शिव को माता पार्वती के साथ पुण्य स्मरण करने वालों में महिला-पुरुष के साथ ही बालक-बालिकाओं समेत किशोर-किशोरी भी शामिल रहे। बुजुर्गों का भी उत्साह उत्कर्ष पर रहा। सभी शिव भक्त अपने आराध्य के प्रति अपनी भावना समर्पित करने को उद्दत रहे। महाशिवरात्रि पर सभी श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद उपवास रखा और शिवदानी की आराधना जुटे रहे।

अनेक श्रद्धालुओं ने यजमान बन कर पूजनोत्सव में अपनी सीधी भागीदारी निभाई तो कई ने मंदिरों में पहुंच कर महादेव दरबार में अपनी हाजिरी लगाई और दासभाव से सर्वकल्याण की कामना की। ------------- महाशिवरात्रि के पावन मौके पर हर हर महादेव के जयघोष से जिले भर के शिवालय गूंजायमान रहे। पूरी श्रद्धा के साथ महाशिवरात्रि का महापर्व रविवार को मनाया गया। नवादा जिला मुख्यालय समेत सभी शहरी व कस्बाई तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान भोले की भक्ति में श्रद्धालुजन लीन नजर आए। तमाम शिवालयो में भक्तों की भीड़ अहले सुबह से उमड़ती रही। महाशिवरात्रि के ही दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह की मान्यता के कारण महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती की श्रद्धापूरित पूजा की गयी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के शहरी इलाकों से लेकर सुदूर ग्रामीण अंचलों तक भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जिसने पूरी फिजां को महादेवमय कर दिया है। मंदिरों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब तड़के सुबह 04 बजे से ही जिले के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। नवादा शहर के ऐतिहासिक शोभनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर और पातालपुरी मंदिर में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। खासी ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। नर-नारी, वृद्ध और बच्चों ने पवित्र स्नान के बाद कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर भक्तों ने महादेव से सुख-समृद्धि की कामना की। साल के 12 शिवरात्रियों में से महाशिवरात्रि को सबसे महत्वपूर्ण माने जाने की मान्यता भी रही है, जिस कारण हर तरफ भक्तिमय माहौल देखने को मिला। महाशिवरात्रि को लेकर सभी शिवालयों के साथ ही अन्य मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। शिवालयों में सुबह से ही बाबा के जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों के आने का सिलसिला जो शुरू हुआ तो देर शाम को ही जा कर थमा। बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयघोष से दसो दिशायें गूंजती रहीं। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सभी छोटे-बड़े शिव मंदिरों में मंदिर प्रबंधन समिति, उनके वॉलेंटियर और प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किया गया है ताकि जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो। बाबा के दर भक्तों की भीड़, माहौल बना रहा भक्तिमय शहर के प्रसिद्ध शोभनाथ पंचमुखी शिव मंदिर समेत साहेब कोठी मंदिर में महाशिवरात्रि के महापर्व पर भक्तों की सुबह से ही भीड़ लगी रही। इन दोनों मंदिरों में सर्वाधिक भीड़ रही। सारे शिवभक्त लाइन में लगकर जलार्पण करते हुए नजर आए। भक्त पूरे उत्साह के साथ बाबा शोभनाथ के मंदिर में पहुंचते रहे। बड़े ही धूमधाम से भगवान शिव तथा माता पार्वती की पूजा-अर्चना की गयी। विधि-पूर्वक पूजन में शामिल श्रद्धालुओं ने धूप-दीप के साथ ही बेलपत्र, भांग, धतूरा, चंदन और फलादि समेत मिष्टान्न आदि का भोग भगवान को लगाया तथा स्वयं व परिजनों और ईष्टमित्रों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। यहां मौजूद पेड़-पौधों के साथ नजदीकी तालाब और इसके आसपास की प्रकृति की खूबसूरती भी देखने लायक रही। शिवरात्रि के मौके पर मंदिर को भी दुल्हन की तरह सजाया गया था। लाइटिंग और साउंड की व्यवस्था जबरदस्त तरीके से की गयी थी। शोभनाथ मंदिर में कुछ भक्तों ने रूद्राभिषेक का अनुष्ठान भी कराया। भक्तों की सुविधा के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। इसके साथ ही न्यू एरिया के पातालपुरी मंदिर, गढ़पर मंदिर, मंगरबिगहा मंदिर, मिर्जापुर मंदिर, पार नवादा मंदिर समेत अकौना बाजार स्थित मंदिरों में भव्य सजावट की गयी थी, जहां श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक समेत दुग्धाभिषेक किया। इस बीच, शहर के विभिन्न मोहल्लों से भगवान शिव की झांकी निकाली गयी। इस क्रम में शहर भर के श्रद्धालु शामिल हो कर भगवान के जयकारे लगाते रहे। बुधवार का दिन महाशिवरात्रि के उत्साह से लबरेज दिखा। ---------------------- ऊं नम: शिवाय से गुंजायमान हुआ मंडल कारा नवादा। महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को नवादा मंडल कारा भी शिव भक्ति से भर उठा। मंडल कारा परिसर ऊं नम: शिवाय की जयकार से गुंजायमान हो उठा। बड़ी संख्या में महिला व पुरूष बंदियों द्वारा महाशिवरात्रि का निराहार व्रत रखा गया है। काराधीक्षक ब्रिजेश सिंह मेहता की देखरेख में महिला व पुरूष श्रद्धालुओं के लिए पूजन सामग्री की व्यवस्था की गयी है। पूजनोपश्चात व्रत के पारण की भी व्यवस्था की गयी है। कारा प्रशासन द्वारा इस मौके पर कारा परिसर में स्थित शिवालय की रंग-बिरंगी लाइट से सजावट की गयी। वहीं मंडल कारा की अधिकारी महिला व पुरूषों ने भी महाशिवरात्रि का व्रत धूमधाम से मनाया। इस मौके पर सोमवार को कारा परिसर में भोज-भंडारे का आयोजन किया गया है। कैलाशपुरी शिवशक्ति मंदिर में हुआ विधिपूर्वक पूजन नवादा। नवादा शहर के न्यू स्टेशन परिसर के आरपीएफ बैरक स्थित कैलाशपुरी शिवशक्ति हनुमान मंदिर में महाशिवरात्रि पूजन बड़े ही धूमधाम से आयोजित की गयी। मंदिर के पुजारी पंडित विद्याधर शास्त्री की अगुआई में विधानपूर्वक पूजनोत्सव हुआ, जिस क्रम में समस्त मान्यताओं और रीति-रिवाजों का विशेष ध्यान रखा गया। पूजनोत्सव की सफलता में आरपीएफ थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार समेत एसआई गिरीश कुमार व अमित कुमार के अलावा आरपीएफ के सभी स्टाफ उत्साहपूर्वक योगदान देते रहे। मौके पर सैकड़ों श्रद्धालु नर-नारी भी जुटे रहे। इससे पूर्व अहले सुबह से लेकर देर शाम तक भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;