पोस्टमार्टम रिपोर्ट : ड्राई ड्रॉउनिंग से धर्मराज की मौत की आशंका
नवादा के आईआईटी के छात्र धर्मराज कुमार उर्फ बिशु की मौत लैरिंगल स्पाज्म के कारण उत्पन्न श्वासारोध से हुई। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि मृतक के शरीर पर कोई जख्म नहीं था और हत्या जैसी संभावना से इनकार किया। धर्मराज के दो दोस्तों से पूछताछ की गई, जिन्होंने बताया कि वह कुंड में डूब गया था।

नवादा के आईआईटी के छात्र धर्मराज कुमार उर्फ बिशु की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने मौत पर से पर्दा तकरीबन हटा दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक धर्मराज की मौत लैरिंगल स्पाज्म के कारण उत्पन्न श्वासारोध से हुई। इस केस में व्यक्ति की श्वास नली अचानक सिकुड़ जाती है। जिसे लैरिंगो स्पाज्म कहते हैं। इस वजह से फेफड़ों में बहुत कम या बिल्कुल पानी नहीं जाता। परंतु सांस रूक जाती है और शरीर में ऑक्सीजन की कमी (एसफैक्सिया) हो जाती है। इसे ड्राई ड्रॉउनिंग का केस कहते हैं। इससे पूर्व डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चॉकिंग (गला फंस जाना) के कारण ऑक्सीजन की कमी (एसफैक्सिया) से मौत बताया गया था। जिसे लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी। इस मामले में एसपी अभिनव धीमान की पहल पर डॉक्टरों ने इसे पूरी तरह से स्पष्ट करते हुए अपना मंतव्य दिया। मंतव्य में डॉक्टरों ने मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार का आंतरिक अथवा वाह्य जख्म से इनकार किया है और हत्या जैसी संभावना से इनकार किया है। डॉक्टरों द्वारा विसरा जांच के लिए भेजे जाने की अनुशंसा की गयी है। एसपी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि की है।
अमझर कुंड पहुंचे एसपी,लिया जायजा
एसपी शनिवार की दोपहर बाद अमझर कुंड स्थित घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का भौतिक रूप से सत्यापन किया। इस दौरान एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम व वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ सभी संभावित बिन्दुओं पर जांच की। एसपी ने इस क्रम में गोताखोरों, फॉरेस्ट गार्ड व डायल 112 की टीम के अलावा परिजनों से भी पूछताछ की और उन सभी के अलग-अलग बयान दर्ज किये। एसपी के मुताबिक सभी गवाहों के बयान एक दूसरे से मैच करते हुए पाये गये। इस दौरान हत्या अथवा हत्या के प्रयास जैसी किसी भी वारदात का कोई साक्ष्य नहीं मिला। मौके पर रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार व थाली थानाध्यक्ष दीपक कुमार के अलावा फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी मौजूद थे।
दोनों दोस्तों से भी पूछताछ की गयी
बताया जाता है कि इस मामले में एसपी द्वारा धर्मराज के दोनों साथियों से भी अलग-अलग पूछताछ की गयी। पूछताछ में दोनों के बयान दर्ज किये गये। दोस्तों में से एक अमित ने बताया कि धर्मराज के साथ वह भी कुंड में था। इस दौरान दोनों डूबने लगे थे। जिसे वहां मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की। उसे लोगों द्वारा बचा लिया गया। परंतु धर्मराज डूब गया। उसे नहीं बचाया जा सका। धर्मराज की मोबाइल से भी पुलिस को कई साक्ष्य मिले। उसके मोबाइल से अमझर कुंड के कई सीन और लोगों के नहाते हुए फोटो मिले हैं।
हत्या की दर्ज करायी गयी है प्राथमिकी
मामला नवादा के वारिसलीगंज के बेलधा गांव के 20 वर्षीय धर्मराज की मौत से जुड़ा है। धर्मराज उर्फ बिशु बेलधा गांव के हेमंत राज कुमार का पुत्र था। वह आईआईटी रूड़की में द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके पिता सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। 19 मई की दोपहर बाद वह अमझर कुंड में नहाने के दौरान संदिग्ध तरीके से डूब गया था। इस दौरान उसके दो दोस्त अमित कुमार व अनन्त कुमार उसके साथ नहाने गये थे। 20 मई की देर शाम उसका शव गोताखोरों ने बरामद किया था। 21 मई को दर्ज मामले में उसके पिता ने साजिश के तहत उसकी हत्या का आरोप लगाया था। मामले में थाली थाने में कांड संख्या-98/26 दर्ज किया गया था। जिसमें उसके दोनों दोस्त आरोपित किये गये थे। घटना के विरोध व कार्रवाई को लेकर नवादा प्रजातंत्र चौक को कई घंटे तक परिजनों द्वारा जाम कर दिया गया था।
वर्जन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने कंठनली में ऐंठन के कारण सांस रूकने से मौत की संभावना जतायी है। यह एक ड्राई ड्रॉउनिंग का केस है। यह डूबने का एक प्रकार है। जिसमें फेफड़ों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। मृतक के शरीर के भीतर अथवा बाहर कोई जख्म का निशान नहीं पाया गया है। घटनास्थल का स्वयं उनके द्वारा निरीक्षण किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिये गये। विसरा जांच के लिए एफएसएल भेजी जा रही है। धर्मराज की मौत डूबने से होने की संभावना है। ------- अभिनव धीमान, नवादा एसपी। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


