नारदीगंज : साइबर ठगी मामले में छापेमारी, एक गिरफ्तार
नवादा की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महेन्द्र प्रसाद को दलेलपुर गांव से रंगेहाथ पकड़ा गया। छापेमारी में लैपटॉप, आधार कार्ड और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। साइबर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

नवादा की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े मामले में छापेमारी कर एक आरोपित को नारदीगंज थाना क्षेत्र के दलेलपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। तकनीकी सर्विलांस व मानवीय इंटेलिजेंस की मदद से साइबर पुलिस की एसआईटी ने आरोपित को मंगलवार को रंगेहाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी
साइबर पुलिस को आधार कार्ड के जरिये विभिन्न उपभोक्ताओं से लाखों की ठगी की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम का गठन कर छापेमारी की गयी। छापेमारी में 01 लैपटॉप, 23 आधार कार्ड, 03 प्रिंटर, 02 स्वाइप मशीन, 02 लैमिनेशन मशीन, 01 बायोमेट्रिक मशीन व 01 चेकबुक बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के दलेलपुर गांव के कृष्णनंदन प्रसाद के बेटे महेन्द्र प्रसाद के रूप में की गयी है।
जांच और पूछताछ
एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय सह प्रभारी डीएसपी साइबर थाना निशु मल्लिक की मॉनिटरिंग में साइबर थाने की अपर थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई की गयी। निशानदेही पर छापेमारी जारी इस मामले में साइबर थाने में 05 मई को साइबर थाना कांड संख्या-48/26 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में आरोपितों के विरुद्ध आरोप लगाये गये हैं। साइबर पुलिस इस मामले में गिरफ्तार आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है और आरोपित की निशानदेही पर संबंधित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। ताजा जानकारी मिलने तक साइबर पुलिस की टीम की छापेमारी जारी है। जानकारी मिल रही है कि कुछ और संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे फिलहाल पूछताछ चल रही है। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


