लोन दिलाने का झांसा देकर कई राज्यों में ठगी, साइबर अपराधी गिरफ्तार
नवादा के काशीचक थाने की पुलिस ने सस्ते लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी गुलशन कुमार ने उपभोक्ताओं से फोटो, आधार कार्ड और बैंक डिटेल लेकर फर्जी लोन अप्रूवल भेजा। पुलिस ने उसके पास से कई स्मार्टफोन, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड बरामद किए हैं।

नामी फायनेंस कम्पनियों के नाम पर सस्ते दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर विभिन्न राज्यों के उपभोक्ताओं से ऑनलाइन ठगी मामले में नवादा के काशीचक थाने की पुलिस ने एक साइबर अपराधी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। तकनीकी सर्विलांस व मानवीय इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस की एक विशेष टीम ने आरोपित को काशीचक थाना क्षेत्र के नेमचक गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को एक घर में साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन ठगी करने की सूचना मिली थी। इस बीच वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गयी। आरोपित उस वक्त लोगों से फोन पर ठगी कर रहा था।
पुलिस ने मौके से 01 बाइक, 04 स्मार्ट मोबाइल फोन, 02 एटीएम कार्ड व 02 सिम कार्ड बरामद किया। गिरफ्तार 21 वर्षीय गुलशन कुमार नेमचक गांव के अलखदेव प्रसाद का बेटा था। छापेमारी में काशीचक थानाध्यक्ष गौतम कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे। फोन कॉल कर करते थे ठगी पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि वे लोग कस्टमर डेटा से उपभोक्ताओं का फोन नंबर निकालकर उन्हें कॉल करते थे। उपभोक्ताओं को सस्ते दर पर नामी कम्पनियों से लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी की जा रही थी। झांसे में आने के बाद उपभोक्ताओं से उनका फोटो, आधार कार्ड व पैन कार्ड तथा बैंक डिटेल आदि लिया जाता था। इसके बाद उन्हें फर्जी लोन अप्रूवल भेजा जाता था। साथ ही लोन प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी की शुरूआत की जाती थी। ठगी की रकम धीरे-धीरे लाखों में पहुंच जाती थी। उपभोक्ता को शक हो जाने के बाद अपराधी अपना फोन बंद कर लेते थे। फर्जी सिम होने की आशंका आरोपित के पास से बरामद सिम के फर्जी होने की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस सिम व मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर रही है और डिटेल जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक मोबाइल से ठगी से संबंधित कई साक्ष्य, स्क्रीन शॉट, लेनदेन का डिटेल, विभिन्न उपभोक्ताओं के नाम पर नंबर आदि बरामद किये गये हैं। पुलिस उपभोक्ताओं के उन नंबरों पर कॉल कर उनसे ठगी से संबंधित डिटेल जुटा रही है। आरोपित के पास से बरामद एटीएम कार्ड की भी जांच की जा रही है। पांच पर प्राथमिकी दर्ज इस मामले में काशीचक थाने में 14 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। प्राथमिकी में गुलशन को नामजद व उसके तीन-चार अज्ञात साथियों को आरोपित किया गया है। मामले में दर्ज कांड संख्या-50/26 में आरोपितों के विरुद्ध साइबर धोखाधड़ी व संगठित रूप से ठगी करने से संबंधित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अलावा आईटी एक्ट के तहत आरोप लगाये गये हैं। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


