हिसुआ में अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच से मचा हड़कंप
मंगलवार को प्रखंड स्तरीय जांच टीम ने हिसुआ बाजार में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की। जांच के दौरान अधिकांश संचालक भाग गए और केवल 5 सेंटर खुले मिले। अधिकारियों ने इन सेंटरों की चिकित्सीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और बंद सेंटरों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

मंगलवार को प्रखंड स्तरीय गठित जांच टीम द्वारा बाजार में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की गई। यह खबर मिलते ही अवैध तरीके से संचालित सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते संचालक अपने सेंटरों में ताला मारकर भाग निकले। बीडीओ देवानंद कुमार सिंह की अगुवाई में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार और थानाध्यक्ष मृत्युंजय ने पुलिस बल के साथ सेंटरों की जांच की। अधिकारी जैसे ही राजगीर रोड एसबीआई स्थित न्यू विजय अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंचे, वैसे ही यह खबर बाजार में आग की तरह फैल गई। इसके बाद अधिकांश अल्ट्रासाउंड सेंटरों में ताला लटक गया। इस दौरान जांच टीम को मात्र 5 अल्ट्रासाउंड सेंटर खुले मिले, जिनमें स्पेक्ट्रम, सियाराम, न्यू हिसुआ क्लीनिक, न्यू विजय क्लीनिक और महावीर अल्ट्रासाउंड क्लीनिक खुला मिला।
अधिकारियों ने इन सेंटरों में उपलब्ध चिकित्सयीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। बीडीओ ने बताया कि जांच टीम पर नजर पड़ते ही हिसुआ बस स्टैण्ड स्थित कल्पना अल्ट्रासाउंड और रिया अल्ट्रासाउंड के संचालक दुकान का शटर गिराकर भाग निकले। उन्होंने बंद पाए गए सेंटरों के संचालकों पर विधि सम्मत कार्रवाई की बात कही। बता दें कि इन दिनों हिसुआ बाजार में दर्जनों अल्ट्रासाउंड सेंटर खुल गए हैं। अधिकांश जगहों पर न तो रेडियोलॉजिस्ट हैं और न ही पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के मानक अनुरूप कार्य किये जाते हैं। हिसुआ से उदय कुमार
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


