अमावां संगत में महंत को लेकर विवाद गहराया, हंगामा
अमावां गांव में महंत पद को लेकर विवाद गहरा गया है। नए महंत दयानंद मुनि और पुराने महंत शक्तिमुनि दास के बीच खींचतान जारी है। ग्रामीणों ने पुराने महंत का समर्थन किया और नए महंत को खदेड़ दिया। पुलिस ने हंगामे को शांत कराया और दोनों महंतों को थाने लाया।

प्रखंड क्षेत्र के अमावां गांव के संगत में महंत पद को लेकर विवाद गहरा गया है। दो महीने पूर्व नियुक्त महंत दयानंद मुनि और पुराने महंत शक्तिमुनि दास के बीच खींचतान जारी है। ग्रामीण पुराने महंत के पक्ष में खड़े दिख रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में पुराने महंत शक्तिमुनि दास की ताजपोशी के दौरान हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने दो महीने पूर्व नियुक्त महंत को वहां से खदेड़ दिया। हंगामा की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और घंटों मशक्कत के बाद हंगामे को शांत कराया। साथ ही दोनों महंतों को थाना लाया गया।
महंत शक्तिमुनि दास का समर्थन
अमावां संगत परिसर में मौजूद ग्रामीण महिलाओं संगीता देवी, अनिता देवी, मंजू देवी, कुंती देवी, कारी देवी, रामपति देवी, रूबी देवी आदि ने बताया कि लगभग 10 वर्षों से अधिक समय से महंत रहे शक्तिमुनि दास को कथित कमेटी के लोगों ने षड्यंत्र रचकर हटाते हुए दो महीने पूर्व संगत में नए महंत दयानंद मुनि को लाया है। महिलाओं ने नए महंत पर कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि उनके द्वारा बिना इजाजत के महिलाओं की फोटो-वीडियो लेकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता है। जबकि कोरोना काल के समय शक्तिमुनि दास ने ग्रामीणों की सहायता की थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि न्यास बोर्ड द्वारा नए महंत के रूप में दयानंद मुनि की प्रतिनियुक्ति की गई थी तो ढोल-बाजा बजाकर गद्दी सौंपने से पूर्व ग्रामीणों को क्यों नहीं सूचित किया गया था।
डीएम के निर्देश पर महंत का चयन
लगभग दो माह पूर्व न्यास बोर्ड से निर्गत आदेश के आलोक में डीएम के निर्देश पर रजौली बीडीओ की उपस्थिति में संगत में महंत के रूप में दयानंद मुनि का प्रवेश हुआ था। प्रवेश के समय से ही लोगों में रोष व्याप्त था, जो शुक्रवार को फूट गया। इधर, बीते दस वर्षों से भी अधिक समय से महंत रहे शक्तिमुनि दास ने बताया कि हमारे कर्तव्यों और व्यवहार का परिणाम है कि हजारों महिला-पुरुष हमारे साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि दयानंद मुनि उत्तर प्रदेश का रहने वाला आपराधिक चरित्र का है।
पुलिस की कार्रवाई
अमावां संगत में हल्ला-हंगामा की सूचना मिली थी। सूचना के आलोक में एसआई अरविंद पासवान एवं एसआई सचिन कुमार के साथ पुलिस बलों को भेजा गया। पुलिस बलों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों महंतों को थाना लेकर आई है। पुलिस जांच पड़ताल कर कार्रवाई में जुटी हुई है। रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष। (रजौली से राजेश कुमार)
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


