Nawada News: जिले की 182 पंचायतों में से 65 में ही पूरा बना पंचायत सरकार भवन
Nawada News: नवादा जिले में मिनी सचिवालय का सपना अब भी अधूरा है। 182 ग्राम पंचायतों में से 65 का निर्माण हुआ है, जबकि 40 पंचायतों में कार्य चल रहा है। सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Nawada News: नवादा जिले में ग्रामीण प्रशासन को एक ही छत के नीचे लाकर मिनी सचिवालय का सपना साकार करने की योजना अब भी अपनी राह तलाश रही है। जिले की कुल 182 ग्राम पंचायतों में से अब तक 65 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं, 40 पंचायतों में निर्माण कार्य अलग-अलग चरणों में प्रक्रियाधीन है। प्रशासन के स्तर पर चरणबद्ध तरीके से भवनों के निर्माण का लक्ष्य तय किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि जिले में सिर्फ 03 पंचायतों को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर जमीन चिह्नित की जा चुकी है, लेकिन जहां भवन बन भी गए हैं, वहां संसाधनों की घोर कमी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण ग्रामीणों को उम्मीद के मुताबिक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कई पंचायतों में भवन का ढांचा खड़ा हो जाने के बावजूद बैंक, पोस्ट ऑफिस और पूरी तरह से कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन शुरू नहीं हो सका है। इतना ही नहीं, बुनियादी सुविधाओं और फर्नीचर के अभाव में अधिकारी व कर्मचारी अपने आवास या प्रखंड मुख्यालय से काम निपटा रहे हैं, जिससे ग्रामीण लगातार परेशान हो रहे हैं। जिला पंचायती राज पदाधिकारी अमरनाथ कुमार ने बताया कि चूंकि अलग-अलग चरण में जिले को पंचायत सरकार भवन के निर्माण का लक्ष्य प्रदान किया जाता है तथा सतत निर्माण कार्य एवं संसाधनगत उपलब्धता की प्रक्रिया जारी रहती है, ऐसे में ससमय सारी व्यवस्था कर ली जाएगी।
रोह प्रखंड: भव्य भवनों के पीछे अधूरा इंफ्रास्ट्रक्चर
रोह प्रखंड की भीखमपुर पंचायत में बने पंचायत सरकार भवन से ग्रामीणों को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन यह सिर्फ एक शो-पीस बनकर रह गया है। भवन में फर्नीचर की घोर किल्लत है। सरकार का उद्देश्य था कि यहां बैंकिंग और सीएससी जैसी तमाम लोक सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन धरातल पर अब तक इनका कोई इंतजाम नहीं हो सका है। संसाधन न होने के कारण ग्रामीण आज भी छोटे-छोटे कामों के लिए प्रखंड मुख्यालय दौड़ने को मजबूर हैं।
हिसुआ प्रखंड: सोनसा में काम चालू, कई पंचायतों में फंसा पेंच
हिसुआ प्रखंड की सोनसा पंचायत में भवन सुचारू रूप से कार्य कर रहा है, जहां आरटीपीएस काउंटर, पंचायत सचिव और राजस्व कर्मचारी बैठकर जनता के काम निपटा रहे हैं। लेकिन प्रखंड की कई अन्य पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हो पाया है। पचाढ़ा पंचायत में जमीन से जुड़ा मामला कोर्ट में लंबित है, जबकि बजरा पंचायत में जमीन की अनुपलब्धता निर्माण में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है।
गोविंदपुर प्रखंड: पुराने भवनों के सहारे कामकाज
गोविंदपुर प्रखंड में जिन पंचायतों में नए पंचायत सरकार भवन बन चुके हैं, वहां से ग्रामीणों को सुविधाएं मिलने लगी हैं। हालांकि, जिन पंचायतों में नए भवनों का निर्माण कार्य अभी प्रक्रियाधीन है, वहां पुराने पंचायत भवनों से ही कामकाज संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था ठप न पड़े।
नरहट प्रखंड: भवन तैयार, लेकिन आवास से काम कर रहे अधिकारी
नरहट प्रखंड की अधिकांश पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनकर पूरी तरह तैयार हैं, फिर भी प्रशासनिक व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी है। भवनों में पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों के बैठने की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अधिकारी और कर्मचारी आज भी अपने-अपने घरों से काम निपटा रहे हैं। योजना के अनुसार यहां सीएससी और बैंक शाखाएं खुलनी थीं, लेकिन यह सुविधा भी कागजों और वादों तक ही सीमित है।
काशीचक प्रखंड: चंडीनावां, रेवरा जगदीशपुर और बेलड़ में हुआ निर्माण
काशीचक प्रखंड की चंडीनावां में एक माह पूर्व पंचायत सरकार भवन का शुभारंभ हुआ है, लेकिन यहां संसाधनों का घोर अभाव है। रेवरा जगदीशपुर में कार्यालय तो चालू है, पर उपस्करों की कमी ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। प्रथम चरण में बने बेलड़ पंचायत सरकार भवन में पेयजल तक की सुविधा नहीं है। यहां पोस्ट ऑफिस का संचालन महज कागजों पर हो रहा है। जब कोई वरिष्ठ पदाधिकारी निरीक्षण में आते हैं तो पोस्ट ऑफिस चालू दिखता है, वरना कर्मचारी घर से काम करते हैं। इसके अलावा, पंचायत सचिव और इंदिरा आवास सहायक के दो-दो जगहों के प्रभार में होने के कारण वे नियमित नहीं बैठते। वहीं, पार्वती, सुभानपुर, खखरी और विरनामा में बजट आवंटन न होने से भवन का निर्माण अधर में है। --------------------
चुनौतियां हैं सामने, मिनी सचिवालय पूरी तरह कारगर नहीं
नवादा। जिले में पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की रफ्तार संतोषजनक दिखती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बुनियादी सुविधाओं, उपस्करों और मानव संसाधन के बिना यह योजना अपने मुख्य उद्देश्य से भटक रही है। छिटपुट जमीनी विवाद और बजट का अभाव जहां निर्माण में रोड़ा है, वहीं बने हुए भवनों में बिजली, पानी, फर्नीचर और इंटरनेट जैसी सुविधाओं की भारी कमी है। यदि जिला प्रशासन भवनों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और बैंकिंग-सीएससी सेवाएं जल्द शुरू करा दे, तभी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सही मायनों में मिनी सचिवालय का लाभ मिल सकेगा। (नवादा से राजेश मंझवेकर)


