रजौली में हाइवा से टकराई कार, युवक की मौत और पांच घायल

हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में एनएच-20 पर एक कार और हाइवा की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाया गया है। मृतक की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है।

रजौली में हाइवा से टकराई कार, युवक की मौत और पांच घायल

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में एनएच-20 पर करिगांव स्थित टोल प्लाजा के समीप रजरप्पा से आ रही यात्रियों से भरी कार एक हाइवा से टकरा गयी। इसमें कार पर सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना मंगलवार की रात करीब 12 बजे की बतायी जाती है। कार पर सवार सभी लोग नालंदा के रहने वाले बताये जाते हैं और रजरप्पा से पूजा कर अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच टोल प्लाजा पर कार पीछे से एक हाइवा से जाकर टकरा गयी। मृतक की पहचान नालंदा जिले के दोसुत थाना क्षेत्र के कोरनावां बाजार निवासी अरविंद यादव के 26 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में की गयी है। वहीं घायलों में महीप कुमार, सूरज कुमार, अखिलेश कुमार, लालचंद कुमार व लालटुन यादव शामिल हैं। सभी नांलदा जिले के वेना थाना क्षेत्र के विरनामा गांव के रहने वाले बताये जाते हैं।

घायलों का अस्पताल में इलाज

गंभीर हालत में किये गये रेफर एनएचएआई के सर्विलांस वाहन से एनएचएआई व पुलिस की मदद से सभी घायलों को रजौली के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों व कर्मियों की लापरवाही सामने आयी। एनएचएआई के कर्मी का आरोप है कि डॉक्टर व नर्स एक कमरे में सो रहे थे। काफी देर बाद वे उठे। इस बीच मरीज कराहते रहे। डॉक्टरों व कर्मियों की लापरवाही से मरीज की मौत का आरोप लगाया गया है। वहीं सड़क दुर्घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, अपर थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार, एसआई सचिन कुमार व एएसआई सहदेव प्रसाद द्वारा घायलों को पावापुरी विम्स अस्पताल भेजा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार की देर रात बाहर से एंबुलेंस मंगा कर पावापुरी अस्पताल भेजा गया। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सभी लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष ने नीतीश कुमार के मौत की पुष्टि की है। कहा कि मृतक के शव का बिहारशरीफ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।

डॉक्टरों व कर्मियों पर लापरवाही का लगा आरोप

रजौली, निज संवाददाता। एनएचएआई कर्मी नीतीश कुमार ने कहा कि जब वे मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंचे,तो अस्पताल में सन्नाटा पसरा हुआ था। चिकित्सक व जीएनएम अपने-अपने कमरे में सोए थे,जिन्हें जगाने का काफी प्रयास किया गया। अस्पताल परिसर में मरीज घंटों लावारिस स्थिति में दर्द से कराहते रहे। वहीं नींद से जागने के बाद चिकित्सक ने बिना हाथ लगाए दो घायलों को मृत घोषित कर दिया। एनएचएआई कर्मी ने आरोप लगाया कि उनलोगों द्वारा सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाता है,ताकि उनकी जिंदगी को बचाया जा सके। किंतु चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लापरवाही बरतने से उनकी जान चली जाती है।

कुव्यवस्था पर भड़के प्रमुख प्रतिनिधि

घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे रजौली प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रविंद्र कुमार उर्फ बब्लू यादव ने बताया कि अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल के प्रभारी डीएस डॉ. दिलीप कुमार के साथ पदस्थापित चिकित्सकगण एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी अपने कर्तव्य से मुंह फेर लिए हैं। सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल मरीजों को आक्सीजन तक मुहैया नहीं कराया गया। अस्पताल में एंबुलेंस तक की व्यवस्था नहीं थी,जिसके कारण भी रेफर मरीज को पावापुरी अस्पताल में सही समय पर शिफ्ट नहीं किया जा सका। प्रमुख प्रतिनिधि ने आरोप लगाते हुए कहा कि घायलों की मौत दुर्घटना से नहीं,बल्कि चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही से हुई है।

वर्जन

रजौली में सड़क दुर्घटना का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच करायी जाएगी। जांच के बाद लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ------ डॉ. विनोद कुमार चौधरी, सिविल सर्जन नवादा। (नवादा/रजौली से अरविंद कुमा रवि/राजेश कुमार)

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

दुर्घटना कब हुई थी?
घटना मंगलवार की रात करीब 12 बजे की बतायी जाती है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।