नदी पर पुल नहीं रहने से स्कूली छात्र व शिक्षक परेशान

Newswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

सिरदला के मध्य विद्यालय बिलारपुर में बच्चे रोज़ नदी पार करके स्कूल जाते हैं, जो उनकी जान के लिए खतरा है। बरसात के दिनों में नदी में 10 फीट गहरा पानी रहता है, जिससे बच्चों को स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण की मांग की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

नदी पर पुल नहीं रहने से स्कूली छात्र व शिक्षक परेशान

सिरदला, अनिल प्रसाद एक ओर सरकार विकास की बात और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ढिंढोरा पीट रही है। वहीं बच्चों व शिक्षक व शिक्षिकाओं को विद्यालय में प्रवेश के पहले गुजरने वाली नदी में पानी से होकर गुजरना पड़ता है। सिरदला प्रखंड के मध्य विद्यालय बिलारपुर में स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर शिक्षा ग्रहण करने जाते हैं। जिस पर न तो विभाग की नजर है और न ही पंचायत के जनप्रतिनिधियों की। स्थिति यह है कि यहां कभी भी एक बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र की उपरडीह भट्टबिगहा पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय बिलारपुर में विद्यालय का भवन निर्माण किया गया, लेकिन विद्यालय जाने के लिये आगे से गुजरी नदी पर पुल का निर्माण कार्य नहीं कराया गया।

जिसके कारण स्कूली बच्चों के साथ-साथ शिक्षक व शिक्षिका भी इसी नदी के पानी से होकर नित्य दिन विद्यालय आते-जाते हैं। चैत-बैसाख के दिनों में अक्सर जिले की अधिकांश नदियां सूख जाती हैं। लेकिन विद्यालय के आगे से होकर गुजरी इस नदी में कई गांव का पानी बहने के कारण सालों भर पानी रहता हैं। सबसे खतरनाक बात तो यह है कि बरसात के तीन महीने इस नदी में 10 फीट गहरा पानी रहता है। विद्यालय के पोषक क्षेत्र भसुआर गांव के बच्चे को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बरसात के दिनों में नदी में पानी रहने के कारण भसुआर के बच्चों को विद्यालय जाना बंद हो जाता है। बच्चों को विद्यालय जाने के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है। भसुआर गांव से निकलने वाली सड़क सीधा मैसकोर प्रखंड को निकलती है। लोगों का कहना है कि नदी में पुल नहीं होने के कारण बच्चों को तमाम प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। नदी में सालों भर पानी रहता है, जिसके बीच से होकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को गुजरने की मजबूरी है। बरसात के दिनों में समस्या और भी विकराल हो जाती है। आलम यह रहता है कि बरसात के दिनों में नदी में अधिक पानी रहने की स्थिति में बच्चे स्कूल जाने से कतराते हैं। ग्रामीणों ने की नदी पर पुल निर्माण की मांग भसुआर ग्रामीण वीरेंद्र मिस्त्री, विष्णु देव राजवंशी, कपिल राजवंशी, जितेंद्र साव, आनंदी यादव, सुशीला देवी, सुनीता देवी, संजू देवी, संजुली देवी, मनती देवी, बबीता देवी, बिलारपुर गांव के रूप शर्मा, रामौतार यादव, मुकेश तांती, लालकेश्वर प्रसाद, शंभू प्रसाद वर्मा, केदार यादव ने बताया कि नदी पर पुल नहीं होना परेशानी भरा है। स्कूल निर्माण के दौरान नदी पर पुल बनाने के प्रति ध्यान नहीं दिया गया। विद्यालय का निर्माण कार्य होने के साथ ही वह लगातार स्कूल के आगे से गुजरी नदी में पुल निर्माण कराने की मांग पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रखंड स्तर के पदाधिकारी तक से कर चुके हैं। लेकिन आज तक पुल का निर्माण कार्य नहीं हो सका है। जिसके कारण मुसीबत बरकरार है। लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पुल निर्माण की मांग की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।