रिश्वत मामले में पटना निगरानी टीम ने की जांच
सिरदला में 25 जुलाई को हुई रिश्वत प्रकरण की जांच के लिए पटना से निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम पहुंची। राजस्व कर्मचारी रणजीत कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। शिकायत 10...

सिरदला। एक संवाददाता अंचल कार्यालय सिरदला में 25 जुलाई को हुए चर्चित रिश्वत प्रकरण की जांच के लिए बुधवार को पटना से निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम सिरदला पहुंची। केस के अनुसंधान अधिकारी (आईओ) राजेश कुमार ने मामले का सुपरविजन करते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। मामला 10 जुलाई को सामने आया था, जब चौकिया पंचायत के बनियाडीह गांव निवासी उमेश कुमार ने निगरानी थाना, पटना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि सिरदला अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी रणजीत कुमार ने 6 डिसमिल जमीन के दाखिल-खारिज के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर निगरानी थाना कांड संख्या 55/25, दिनांक 24 जुलाई 2025 को दर्ज किया गया था। शिकायत की सत्यता जांचने के लिए निगरानी टीम ने जाल बिछाया था। इसके तहत 25 जुलाई को सिरदला अंचल कार्यालय के अंचल गार्ड के कमरे के आगे से राजस्व कर्मचारी रणजीत कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया था। मौके से पूरी राशि बरामद की गई थी और आरोपी को विधिक कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया था। बुधवार को पटना से पहुंचे केस आईओ राजेश कुमार ने गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ ही जब्ती सूची, केस डायरी और अन्य साक्ष्यों का मिलान किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से भी बातचीत कर केस की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही मामले की चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




