Hindi NewsBihar NewsNawada NewsAnil Singh Wins His Seat with 95 885 Votes in Hisua Assembly Election
हिसुआ : भाजपा के अनिल ने कांग्रेस की नीतू को दी मात

हिसुआ : भाजपा के अनिल ने कांग्रेस की नीतू को दी मात

संक्षेप: नवादा, नगर संवाददाता।हिसुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह ने 95885 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सह निवर्तमान विधायक नीतू कुमारी को 27849 वोटों से शिकस्त दी।

Sat, 15 Nov 2025 02:15 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा, नगर संवाददाता। हिसुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह ने 95885 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सह निवर्तमान विधायक नीतू कुमारी को 27849 वोटों से शिकस्त दी। निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम डा. अनिल कुमार तिवारी ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया। भाजपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। मतगणना केंद्र से लेकर हिसुआ स्थित अनिल सिंह के आवास पर लोग जश्न में डूब गए। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाईयां दी और जमकर आतिशबाजी की। ढोल-बाजे की धुन पर भाजपा समेत एनडीए घटक दल से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं ने खूब डांस किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

गौरतलब है कि अनिल सिंह ने अक्टूबर 2005 के चुनाव में पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2010 और 2015 में जीत का परचम लहराया था। लेकिन 2020 के चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी नीतू कुमारी से हार का सामना करना पड़ा था। पुन: 2025 के चुनाव में अनिल सिंह ने अपनी हार का बदला लेते हुए कांग्रेस प्रत्याशी नीतू कुमारी को शिकस्त दी और कुर्सी पर काबिज हुए। राउंड दर राउंड आगे बढ़ते गए अनिल सिंह मतगणना शुरू होते ही लोगों में उत्सुकता बनी हुई थी। पहले ही राउंड से भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह ने बढ़त बना ली। राउंड दर राउंड मतों का अंतर बढ़ता चला गया। स्थिति यह रही कि कांग्रेस प्रत्याशी सह निवर्तमान विधायक नीतू कुमारी किसी भी राउंड में बढ़त नहीं बना सकीं। 22वें राउंड में भाजपा प्रत्याशी की यह बढ़त 15 हजार 925 मतों की हो गई। मतों के अंतर में वृद्धि इस कदर रही कि अनिल सिंह ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और मतों का अंतर काफी आगे बढ़ता चला गया। 25वें राउंड में यह इजाफा 21 हजार 459 पर पहुंच गया। 29वें राउंड में यह अंतर 22 हजार 359 मतों तक पहुंच गया। तेज रफ्तार से हिसुआ का करेंगे विकास : अनिल यह जीत हिसुआ निर्वाचन क्षेत्र के जनता की है। 2020 में भी अच्छा जनादेश मिला था, लेकिन कुछ मतों से पीछे रह गया था। 2025 में मुझे अपने क्षेत्र की सेवा करने का अवसर दिया है। पांच साल में दस साल पीछे चला गया। मुझे फिर विकास के लिए तेज रफ्तार से दौड़ना पड़ेगा और विकास की पटरी पर लाना पड़ेगा। व्यापक जनादेश के साथ कंधे पर जिम्मेवारी दी है। उसके लिए मैं समर्पित हूं और सेवा का जो संकल्प लिया था, वह अनवरत जारी रहेगी। सदन से बाहर रहकर भी जनता के बीच बना रहा। पांच साल में अवरुद्ध हुए विकास की तुलना करते हुए जनता ने यह जिम्मेवारी दी है। तेज रफ्तार से दौड़कर हिसुआ का विकास करुंगा।