Nawada News: मायके जाने के बहाने निकली बहू सात दिनों से लापता, प्राथमिकी दर्ज
Nawada News: रजौली थाना क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय बहू मायके जाने के बहाने निकली थी और पिछले सात दिनों से लापता है। उसकी सास ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। 23 सितंबर को वह ई-रिक्शा से निकली और एक मंदिर के पास उतर गई। पुलिस लापता विवाहिता की तलाश कर रही है।

Nawada News: रजौली थाना क्षेत्र के एक गांव से मायके जाने के बहाने निकली एक 19 वर्षीय बहू पिछले सात दिनों से लापता है। बहू के लापता होने से ससुराल पक्ष में चिंता का माहौल है। मामले में पीड़ित सास ने थाने में लिखित आवेदन देकर बहू की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लापता बहू का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 23 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे जबरन मायके जाने की जिद करने लगी। सास के अनुसार बहू ने अपने छोटे बच्चे को यह कहकर परिजनों के पास छोड़ दिया कि वह थाना क्षेत्र स्थित अपने मायके से चार-पांच घंटे में वापस लौट आएगी। सास ने बहू को मायके भेजने के लिए एक ई-रिक्शा रिजर्व किया। बताया जाता है कि बहू मायके पहुंचने से पहले ही एक मंदिर के समीप ई-रिक्शा से उतर गई और चालक को वापस लौट जाने को कह दिया। इसके बाद वह न तो अपने मायके पहुंची और न ही ससुराल लौटी।
पुलिस की कार्रवाई
देर शाम तक जब बहू घर नहीं लौटी तो बेटे ने उसे फोन किया। फोन पर बहू ने कहा कि वह स्थानीय बाजार में है और आ रही है। इसी तरह अलग-अलग जगहों का नाम बताते हुए दो दिन तक बातचीत होती रही। लेकिन दो दिन बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया, जो तब से लगातार मोबाइल बंद आ रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी सेल और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से लापता विवाहिता की तलाश में जुट गई है। जल्द बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। (रजौली से राजेश कुमार)

