नवादा का धर्मशीला अस्पताल सील, मरीजों को निकाला गया; राजबल्लभ और विभा देवी के बेटे की मौत में ऐक्शन

हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, नवादा
Follow us on Google News
share

नवादा के धर्मशीला देवी अस्पताल को सील कर दिया गया है। पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव एवं जदयू विधायक विभा देवी के बेटे की मौत के बाद लगे आरोपों के सही पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया। उसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई।

Nawada Dharmsheela Devi Hospital Sealed
नवादा के धर्मशीला देवी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर सील कर दिया गया

बिहार के नवादा स्थित धर्मशीला देवी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है। इसके बाद निजी अस्पताल को सील कर दिया गया। उसमें भर्ती मरीजों को शिफ्ट कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय जांच में पूर्व राज्यमंत्री एवं बाहुबली राजबल्लभ प्रसाद यादव और जेडीयू की नवादा विधायक विभा देवी के आरोप सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। राजबल्लभ और विभा देवी के बेटे की मौत के मामले में अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।

नवादा डीएम रवि प्रकाश के आदेश पर सिविल सर्जन डॉ. बिनोद कुमार चौधरी के निर्देशानुसार डॉक्टरों की टीम और मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शुक्रवार को केंदुआ स्थित धर्मशीला देवी अस्पताल सील कर दिया गया। नवादा सदर बीडीओ सह मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सदर अस्पताल की तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने अस्पताल सील करने की कार्रवाई की। सील करने से पहले टीम ने पूरे अस्पताल परिसर को खाली करा दिया।

एक मरीज सदर अस्पताल शिफ्ट, बाकी घर चले गए

बताया जाता है कि जिस वक्त टीम अस्पताल सील करने के लिए वहां पहुंची, उस दौरान अस्पताल में कई मरीज थे। इनमें से एक मरीज का शुक्रवार को ही ऑपरेशन हुआ था। बाकी मरीज अस्पताल में भर्ती थे। प्रशासन ने उन्हें नवादा सदर अस्पताल शिफ्ट करने के लिए एंबुलेंस बुलाई। हालांकि, सिर्फ एक ही मरीज को सदर अस्पताल ले जाया गया। बाकी मरीज घर चले गए।

नवादा का धर्मशीला देवी अस्पताल सील किया गया

तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम में डॉ. आफताब कलीम, डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. नीतेश रवि शामिल रहे। बड़ी संख्या में पुलिसबल और पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

राजबल्लभ और विभा देवी के बेटे की हुई थी मौत

यह घटना पूर्व राज्यमंत्री राजबल्लभ यादव के छोटे पुत्र अखिलेश कुमार की मौत से जुड़ी है। अखिलेश की मौत के बाद पूर्व मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन एवं डॉक्टरों पर लापरवाही से उनके बेटे की मौत का आरोप लगाया था। इस मामले में नवादा के मुफस्सिल थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

शिकायत के आधार पर डीएम के निर्देश पर सदर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने अस्पताल में जांच की और लापरवाही पाई। इसके बाद डीएम ने सिविल सर्जन की अनुशंसा पर विभाग को जांच टीम के लिए लिखा।

नवादा के धर्मशीला देवी अस्पताल को सील किया गया

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की जांच

इस बीच पूर्व मंत्री ने स्वास्थ्य बीमा कंपनी द्वारा दर्ज मामले का हवाला देते हुए फर्जी मरीजों के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित अवैध निकासी की जांच की भी मांग की। स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय जांच टीम 3 जून 2026 को नवादा पहुंची थी। जांच के दौरान दोनों पक्षों के लोग उपस्थित हुए थे।

जांच में आरोप सही

सील करने आई टीम के मुताबिक जांच टीम द्वारा आरोपों को सही पाते हुए मामले में कार्रवाई करते हुए अस्पताल का निबंधन रद्द कर दिया गया। ईमेल द्वारा इसकी सूचना गुरुवार को ही अस्पताल समेत अन्य संबंधित पक्षों को भेज दी गई थी।

1 अप्रैल को हुई थी एफआईआर

इस मामले में राजबल्लभ यादव की शिकायत पर 1 अप्रैल 2026 को मुफस्सिल थाना कांड संख्या-119/26 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 106(01) के तहत आरोप थे। मामले में अस्पताल के मालिक, प्रबंधक एवं चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया था।

एक्सीडेंट के बाद 7 घंटे धर्मशीला अस्पताल में भर्ती था अखिलेश

पूर्व मंत्री राजबल्लभ और नवादा विधायक विभा देवी के बेटे अखिलेश कुमार का 19 मार्च को एक्सीडेंट हो गया था। सड़क हादसे में घायल अखिलेश को धर्मशीला देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि वहां से करीब 7 घंटे बाद उन्हें रेफर किया गया था। फिर पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अखिलेश की मौत हो गई थी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsनवादा का धर्मशीला अस्पताल सील, राजबल्लभ और विभा के बेटे की मौत में ऐक्शन