बिहार चुनाव: सीमांचल में प्रत्याशियों के नाम फाइनल करने में दोनों गठबंधन परेशान, पटना से दिल्ली तक मंथन
बिहार चुनाव: माथापच्ची का दौर पटना से लेकर दिल्ली तक चल रहा है। मगर इतना तय माना जा रहा है कि सीमांचल में कुछ सीटों पर नये तो बांकी पर पुराने चेहरे के ही नजर आने की संभावना है। हालांकि, एक-दो नामों का उलटफेर सबको चौंका सकता है।
बिहार चुनाव की रणभेरी बज उठी है। सीमांचल के चारों जिलों पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया में दूसरे चरण में 11 नवंबर को चुनाव होगा। चुनाव से ठीक पहले सभी राजनीतिक दलों के ‘आका’ सीमांचल के इलाके में आकर सियासत को टटोल चुके हैं। मगर सीमांचल के 24 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हो पायी है। सीमांचल में महागठबंधन और एनडीए को बराबर बराबर यानी 12-12 सीटें हैं। टिकट को लेकर हर पार्टी में कशमकश है। इसे उतारें या उसे उतारें, इसको लेकर पार्टी नेताओं के बीच जबर्दस्त टेंशन है।

माथापच्ची का दौर पटना से लेकर दिल्ली तक चल रहा है। मगर इतना तय माना जा रहा है कि सीमांचल में कुछ सीटों पर नये तो बांकी पर पुराने चेहरे के ही नजर आने की संभावना है। हालांकि, एक-दो नामों का उलटफेर सबको चौंका सकता है। बता दें कि पूर्णिया जिला में 20 लाख 85 हजार 87 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करने वाले हैं। चुनावी तारीख के ऐलान के बाद अब मतदाता की नजर अलग-अलग दलों के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा पर टिकी हुई है।
चुनाव से पहले मोदी, राहुल, ओवैसी और प्रशांत आए
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीमांचल में सियासी सरगर्मी तेज रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया में चुनावी सभा की। विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी यात्रा पर कटिहार, पूर्णिया और अररिया जिला गये। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अररिया जिला पहुंचे। एआईएमआईएम के मुखिया ओवैसी भी सीमांचल को नाप गये। इसके अलावा प्रशांत किशोर भी सीमांचल के कई विधानसभा क्षेत्रों में गए।
एक-दो दिनों में चेहरे आ जाएंगे सामने
पूर्णिया जिला अंतर्गत सातों विधानसभा में मतदान और मतगणना से संबंधित अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है। नाम निर्देशन पत्र के संवीक्षा की तिथि 21 अक्टूबर को होगी। अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। मतदान 11 नवंबर को है। मतगणना 14 नवंबर को होगी। जानकारों के मुताबिक एक-दो दिनों में प्रत्याशियों के चेहरे सामने आ जाएंगे।





