बिहार के 10 करोड़ लोगों को खाना मोदी सरकार देती है, बोले सम्राट चौधरी- प्रभु श्री राम ने उनसे घर मांगा तो..

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार के साढ़े तीन लाख करोड़ के बजट में से 70 हजार करोड़ राज्य सरकार की आमदनी है। बाकी दो लाख 80 हजार करोड़ केंद्र सरकार यानी मोदीजी देते हैं। सीएम ने कहा कि मोदी सरकार में गरीबों को मकान मिल रहा था तब प्रभु श्रीराम ने भी मोदीजी से घर मांगा।

Bihar Chief Minister Samrat Choudhary
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के 14 करोड़ में से 10 करोड़ को खाना मोदी सरकार देती है। डेढ़ करोड़ परिवार को शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई। 1.93 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं में से 1.70 करोड़ को मुफ्त बिजली मिल रही है। बिहार के साढ़े तीन लाख करोड़ के बजट में से 70 हजार करोड़ राज्य सरकार की आमदनी है। बाकी दो लाख 80 हजार करोड़ केंद्र सरकार यानी मोदीजी देते हैं। यूपीए ने अपने राज में तीन लाख करोड़ नहीं दिए थे। मोदी सरकार ने बिहार को 12 साल में 13 लाख करोड़ दिए। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को ज्ञान भवन में सेवा के रंग-राष्ट्र के संग कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि कई लोग चिंतित हैं कि मेरी मां और मेरे पिता की सत्ता चली गई।

कुछ लोग तो इस कारण चिंतित हैं कि मेरे दादाजी बिना लोकतंत्र के ही प्रधानमंत्री बन गए और आज वे विपक्ष में हैं। लेकिन नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार पीएम बने। इसके लिए काम करना पड़ता है। काम नहीं करने वालों को जनता वोट नहीं करती है। रोड पर नौटंकी करने वालों को जनता वोट नहीं देती। लोकतंत्र के लिए जनता के लिए लड़ाई लड़नी पड़ती है। बिहार के 55 लाख गरीब परिवारों को घर मिला तो पांच वयस्क सदस्य होने के नाते हमें ढाई करोड़ तो ऐसे ही वोट मिल जाने चाहिए। मोदीजी का यही कहना है कि सेवा करो, मेवा नहीं खाओ। सेवा करने वालों को ही जनता आशीर्वाद देती है।

कलाकारों को सम्मानित किया

सीएम ने प्रधानमंत्री के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उनकी 25 प्रमुख उपलब्धियों पर बनी 76 फीट की भव्य रंगोली का उद्घाटन किया। कलाकारों को सम्मानित किया। बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा और प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने सीएम का स्वागत किया। सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता, स्वाति सिन्हा, आनंद पाठक, सीता साहू, राजेश झा, प्रीति शेखर भी यहां मौजूद थे।

प्रभु राम ने मोदी जी से घर मांगा तो हम कोर्ट की शरण में गए

सीएम ने कहा कि हम उस पार्टी के सदस्य हैं जिसने जो कहा, उसे पूरा किया। हम बदल नहीं सकते, समझौता जरूर कर सकते हैं। भाजपा ने कभी अपने एजेंडे में राम मंदिर बनाने का निर्णय नहीं लिया। लेकिन प्रभु श्रीराम टेंट में थे। मोदी सरकार में गरीबों को मकान मिल रहा था। तब प्रभु श्रीराम ने भी मोदीजी से घर मांगा तो हम कोर्ट की शरण में गए और जीत गए। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। अमित शाह और नीतीश कुमार ने राम मंदिर बनने के बाद बिहार में सीतामढ़ी में माता सीता मंदिर बनाने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी पीएम ने बिहार की तरफ नहीं देखा। अटल बिहारी वाजपेयी ने बिहार को तीन पुलों की सौगात दी। तीनों का निर्माण मोदीजी ने पूरा किया। अभी आठ ब्रिज का निर्माण चल रहा है। पटना एयरपोर्ट को विकसित करने में 12 सौ करोड़ खर्च हुए। बाकी शहरों में भी एयरपोर्ट बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा, सोन, गंडक में उच्चतम जलस्तर का रिकॉर्ड इस साल बना। मोदी सरकार दिन-रात लोगों के साथ खड़ी रही है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार के 10 करोड़ लोगों को खाना मोदी सरकार देती है, राम मंदिर पर भी बोले सीएम