
नागपुर की घटना से मुजफ्फरपुर में चीख-पुकार, करजा के 2 युवकों की मौत; हादसे में 6 बिहारी मरे
मृतकों में गबसरा पंचायत के वार्ड तीन निवासी नागेश्वर सहनी के 23 वर्षीय पुत्र सुधांशु कुमार व राजेश्वर पासवान के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार शामिल हैं, जबकि घायल युवक बुल्ला सहनी के 28 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार है।
महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार की सुबह पानी की टंकी गिरने से दबकर बिहार के 6 मजदूरों की मौत हो गई। मरने वालों में मुजफ्फरपुर के दो युवक शामिल थे। करजा थाना क्षेत्र के गबसरा के दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी भी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतकों में गबसरा पंचायत के वार्ड तीन निवासी नागेश्वर सहनी के 23 वर्षीय पुत्र सुधांशु कुमार व राजेश्वर पासवान के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार शामिल हैं, जबकि घायल युवक बुल्ला सहनी के 28 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार है। पूर्व मुखिया हितलाल सहनी ने बताया कि भतीजा सुधांशु नागपुर के एमआईडीसी इलाके में अबाडा सोलर प्लांट में फीटर का काम करता था। इसी दौरान लोहे के स्ट्रेचर से पानी टंकी नीचे गिर गई, जिसमें दबकर सुधांशु और अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। महाराष्ट्र पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी अनुसार शुक्रवार को नागपुर के अवादा इलेक्ट्रो प्राइवेट लिमिटेड के सौर पैनल निर्माण कारखाने में हादसा हुआ जहां एल्युमीनियम से बनी पानी की टंकियों का निर्माण किया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद रामा बांध से लाए गए पानी से टंकी की क्षमता की टेस्टिंग की जा रही थी। इसी दौरान अत्यधिक दबाव के कारण टंकी जोरदार धमाके के साथ फट गया और पूरा ढांचा ध्वस्त हो गया। वहां मौजूद मजदूर नीचे दब गए। उनमें 6 बिहार मजदूरों की मौत हो गई जबकि 9 अन्य घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर मलबा हटाया गया और फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। मरने वालों की पहचान अरविंद ठाकुर (28), अशोक पटेल (42), अजय पासवान (26), सुधांशु कुमार सहनी (36), बुलेट इंद्रजीत साह (30) और शमीम अंसारी (42) के रूप में हुई है।





