जाम से निजात के लिए सरैयागंज टावर पर बनी जेब्रा क्रॉसिंग
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एसएसपी के आदेश से बुधवार की रात सरैयागंज टावर के समीप जेब्रा क्रॉसिंग बनाई गई। इसका उल्लंघन करने पर वाहन मालिकों को जुर्माना भरना...
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एसएसपी के आदेश से बुधवार की रात सरैयागंज टावर के समीप जेब्रा क्रॉसिंग बनाई गई। इसका उल्लंघन करने पर वाहन मालिकों को जुर्माना भरना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त बिहार पुलिस अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई भी हो सकती है। इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पहले चरण में सरैयागंज टावर पर प्रयोग किया जाएगा। इसके सफल होने पर शहर के अन्य चिह्नित चौराहों पर भी इसका निर्माण होगा।
सरैयागंज टावर शहर का सबसे व्यस्त चौराहा है। इस पर छोटे-बड़े वाहनों का काफी दबाव है। इस कारण सुबह से लेकर रात तक जाम लगा रहता है। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड व अन्य महत्वपूर्ण वाहन फंस जाते हैं। राहगीरों को काफी दिक्कत होती है। इससे निजात दिलाने के लिए एसएसपी विवेक कुमार ने जेब्रा क्रॉसिंग बनवाने का आदेश दिया।
जानकारी हो कि सरैयागंज टावर के 300 मीटर चौतरफा व मोतीझील से लेकर कल्याणी चौक तक को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। इसे लेकर ट्रैफिक प्रभारी विश्वमोहन चौधरी कई दिनों से माइकिंग कर रहे हैं। इधर, एसएसपी ने बताया कि शहर में लग रहे जाम का स्वतंत्र तरीके से सर्वे कराया था। इसमें कई प्रकार के सुझाव व समस्यायों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद जाम लगने वाले जगहों को चिह्नित किया और सरैयागंज टावर पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाई गई। इसके अलावा सड़क पर अतिक्रमण को लेकर आने वाले दिनों में विशेष ट्रायल चलाया जाएगा।