Muzaffarpur News: रेवाघाट पुल से युवक ने गंडक में लगाई छलांग, लापता
Muzaffarpur News: रेवाघाट पुल से एक युवक ने गंडक नदी में छलांग लगा दी, जबकि दूसरे युवक को पुल पर मकेर पुलिस ने पकड़ा। युवक की पहचान परसा के निवासी के रूप में हुई है। इस घटना की बढ़ती संख्या को देखते हुए, मकेर थाने ने पुल पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए तीन पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। जिला प्रशासन से सुरक्षा जाली लगाने की मांग की गई है।

Muzaffarpur News: सरैया, हिन्दुस्तान संवाददाता। रेवाघाट पुल से बुधवार को एक युवक ने गंडक नदी में छलांग लगा दी, जबकि दूसरे युवक को मकेर पुलिस ने पुल पर पकड़ लिया। बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर नंबर की बाइक से एक युवक रेवा घाट पुल पर पहुंचा। बाइक खड़ी करने के बाद युवक ने नदी में छलांग लगा दी। उसका कोई अता-पता नहीं चला। पुलिस ने युवक की बाइक जब्त कर ली है। पुल पर पकड़ा गया युवक परसा का बताया जा रहा है। उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए मकेर थाने की ओर से तीन पुलिसकर्मियों को रेवाघाट पुल पर तैनात किया गया है।
पूछताछ में युवक के परसा निवासी होने की जानकारी मिली। मंगलवार को भी सरैया थाना क्षेत्र के लालपुरा निवासी मो. अनवर ने रेवाघाट पुल से गंडक नदी में छलांग लगा दी थी। नदी की तेज धारा में बहते हुए वह रेवा मंदिर के सामने स्थित मुक्तिधाम के पास पहुंच गया था, जहां दाह संस्कार कर रहे लोगों ने उसे बचा लिया था। वहीं, मंगलवार को मकेर थाना क्षेत्र की ओर से नदी में छलांग लगाने वाले युवक का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित कर रेवाघाट पुल पर अविलंब सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है।


