ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मुजफ्फरपुरबैरिया में बिकने से बची महिला, दो गिरफ्तार

बैरिया में बिकने से बची महिला, दो गिरफ्तार

बैरिया के कोल्हुआ पैगम्बरपुर गांव में बुधवार को मानव तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। स्थानीय लोगों के प्रयास से एक महिला बिकने से बाल-बाल बची। अहियापुर पुलिस ने छापेमारी कर मानव तस्करी में...

बैरिया में बिकने से बची महिला, दो गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,मुजफ्फरपुरThu, 07 Dec 2017 01:59 AM
ऐप पर पढ़ें

बैरिया के कोल्हुआ पैगम्बरपुर गांव में बुधवार को मानव तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। स्थानीय लोगों के प्रयास से एक महिला बिकने से बाल-बाल बची। अहियापुर पुलिस ने छापेमारी कर मानव तस्करी में शामिल एक युवक व युवती को गिरफ्तार किया है। हालांकि आधा दर्जन युवक व युवती मौके से फरार हो गए। पूरे मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब तस्कर ने मुजफ्फरपुर जंक्शन से मीनापुर की एक महिला को झांसे में लेकर बंधक बना लिया। पीड़िता किसी तरह उसके चंगुल से बचकर भागी और स्थानीय लोगों को आपबीती सुनाई।

मामले में थानेदार विजय कुमार ने कोल्हुआ पैगम्बरपुर के गुड्डू राम के बयान पर एफआईआर दर्ज की है। थानेदार ने बताया कि पांच को नामजद किया गया है। दो को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मौके से एक बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस गिरोह के फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति पटना और पिता हरियाणा में रहते हैं। सोमवार को ससुराल में पारिवारिक विवाद हो गया था। गुस्से में आकर पिता के पास हरियाणा जा रही थी। दिन के करीब 11 बजे जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने के लिए खड़ी थी। इसी बीच एक युवक व एक युवती अकेली देखकर बातचीत करने लगे। मेलजोल बढ़ाने के बाद दोनों ने साथ चलने को कहा। दोनों उसे समस्तीपुर ले गए। वहां से बस से रात में वापस बैरिया ले आए। उसे एक घर में लाकर रखा। वहां चार युवतियां पहले से मौजूद थीं। सबने उसे कपड़ा बदलने के लिए दिया। एक युवती ने बताया कि कोलकाता चलना है। वहां देह व्यापार करना होगा। इसमें अच्छे पैसे मिलेंगे। पीड़िता ने इसका विरोध किया और किसी तरह रात में भागकर गुड्डू राम के घर में जाकर छुप गई। बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से अहियापुर थाने पहुंची।

गुड्डू ने दिखाई मानवता तो बिकने से बची पीड़िता: इधर, गुड्डू राम ने पुलिस को बताया कि काफी समय से पास के एक मकान में संदिग्ध गतिविधि देखी जा रही थी। बराबर युवतियों को बहला- फुसलाकर लाया जाता था। मंगलवार की रात पीड़िता रोते हुए चौक पर आयी। रात में उसे अपने घर में शरण दी। साथ ही इसकी सूचना पुलिस, पंचायत के मुखिया व सरपंच को दी।

भूली-भटकी युवतियों व महिलाओं को ले लेते थे कब्जे में: सरपंच कृष्णा देवी व उनके पति संजीव कुमार सुमन ने भी पुलिस को बताया कि हरिसाह चौक के आसपास एक दर्जन से अधिक महिला व पुरुषों की गतिविधियां संदिग्ध देखी जा रही थी। सभी बस स्टैंड, रेलवे जंक्शन पर से भूली-भटकी युवती व महिला को बहला-फुसलाकर कब्जे में ले लेते थे। कई बार पुलिस ने छापेमारी भी की है। मंगलवार की रात भी तस्कर मीनापुर की उक्त महिला को लेकर पहुंचे थे। इसकी जानकारी महिला के वहां से भाग निकलने के बाद हुई। महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें