
मौसम : चौथे दिन भी खिली रही धूप, सुधरा दिन का तापमान
मुजफ्फरपुर में लगातार चौथे दिन धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। तापमान में सुधार के साथ गलन वाली ठंड में कमी आई है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में तेजी से सुधार की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। लगातार चौथे दिन धूप निकलने से अधिकतम तापमान 25 दिन के बाद एक बार फिर सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। धूप की तपिश से गलन वाली ठंड में कमी आई। रात के तापमान में भी आंशिक सुधार आया। हालांकि यह अब भी सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को भी धूप निकलने की संभावना जताई है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव के क्षेत्र में कमी आई है। इस कारण जेट स्ट्रीम का जोर कमजोर पड़ने से तापमान में सुधार आ रहा है।
अगले तीन से चार दिन में अधिकतम तापमान में तेजी से सुधार होगा। जबकि न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है। इस सप्ताह के अंत तक मौसम पूरी तरह से बेहतर होने के आसार बन रहे हैं। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 22.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से अभी भी 4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। पछुआ हवा की गति भी महज 8 किमी प्रति घंटा रही। हालांकि यह भी सामान्य से दुगुनी रही। इस कारण शाम होते ही एक बार फिर से गलन वाली ठंड का अहसास हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




