मौसम: छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी के भी आसार
मुजफ्फरपुर में सोमवार सुबह से हल्के से मध्यम बादलों की आवाजाही रही। इससे हवा में नमी बढ़ी और तेज पछुआ हवा से धूप से राहत मिली। अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिनों में और बारिश की संभावना जताई गई है।

मुजफ्फरपुर, वसं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार सुबह से ही जिले में हल्के से लेकर मध्यम दर्जे के बादलों की आवाजाही बनी रही। इससे दिन में हवा में नमी की मात्रा करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ गई। पूरे दिन तेज पछुआ हवा चलने से झुलसाने वाली धूप की तपिश से राहत मिली। जिले के तापमान में पिछले 24 घंटे के कोई बड़ा बदलाव नहीं आया। अधिकतम तापमान पूर्व की भांति बना रहा। न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आई।इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने अगले और दो दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को मध्यम दर्जे के बादल छाए रह सकते हैं।
इस कारण जिले के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है। सप्ताहांत से एक बार फिर तेजी से तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया।इधर, रविवार की ही तरह सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस उपर 30.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस कम होकर 15.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस उपर रहा। पछुआ हवा 10 किमी प्रति घंटे की गति से पूरे दिन चलती रही। हवा में सुबह में औसत नमी 100 प्रतिशत तो दोपहर में 70 प्रतिशत पर पहुंच गयी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


