मौसम: आज आंधी के साथ बारिश के आसार, ओलावृष्टि की भी संभावना
मुजफ्फरपुर में पिछले एक सप्ताह से चल रही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आंधी और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी है, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। पिछले एक सप्ताह से तपिश का सामना कर रहे जिलेवासियों को अगले दो तीन दिनों तक राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार और बुधवार को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान आंधी के साथ ही गरज चमक के बीच ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की। इससे तापमान में होनेवाली कमी के कारण पूरे सप्ताह मौसम खुशगवार बना रह सकता है। इस बीच सोमवार सुबह की शुरूआत बादलों के बीच हुई। पूरे दिन धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। इससे अधिकतम तापमान एक डिग्री तो न्यूनतम तापमान दो डिग्री तक गिरा।
इससे तपिश से कुछ राहत मिली।पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान सोमवार को जारी किया। इसके अनुसार अगले 48 घंटों तक बादल छाए रह सकते हैं। इससे कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। वहीं पछुआ हवा के 35 से 40 किमी की गति से चलने की संभावना है। गरज चमक के बीच औसत आकार के ओले भी गिरने की संभावना बन रही है। इसको लेकर केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने किसानों के लिए अलर्ट जारी किया है। कहा कि खलिहाल में पड़े गेहूं की फसल को सुरक्षित करने के अलावा खड़ी फसल का भी ध्यान रखना होगा।पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में भी 2.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। यह 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहे। पछुआ हवा की गति में कमी आने से नमी की मात्रा में आंशिक वृद्धि हुई। सुबह में 75 प्रतिशत तक रहनेवाली नमी दोपहर में 45 प्रतिशत तक दर्ज की गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


