मौसम: दो दिन बाद हल्की बारिश का पूर्वानुमान
मुजफ्फरपुर में अगले सप्ताह हल्के से मध्यम बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पिछले...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में अगले सप्ताह हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। इस कारण सोमवार से बुधवार तक कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को मौसम विज्ञान विभाग ने अगले सप्ताह का पूर्वानुमान जारी करते हुए इसकी संभावना जताई है। इधर, शुक्रवार को अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान जहां एक बार फिर सामान्य से ऊपर पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से नीचे है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि फिलहाल जिले में तेज बारिश की संभावना नहीं के बराबर है।
आठ से 10 सितंबर के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में कमी आ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 तो न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान तीन से चार बार कुछ समय के लिए हल्की बारिश होने के बाद उमस और बढ़ गई। इससे लोग पूरे दिन बेहाल रहे। अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 0.6 डिग्री की मामूली बढ़त के साथ 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह अभी भी सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




