Muzaffarpur News: चंदवारा में कचरा चुनने वालों ने बयां की परेशानी
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में एक विशेष बैठक में कचरा चुनने वालों ने अपनी समस्याएँ साझा कीं। अधिकारियों ने उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी किट की उपलब्धता की बात की। बैठक केंद्रीय आवासन मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित की गई थी, जिसमें कचरा प्रबंधन और रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा हुई।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। चंदवारा स्थित कचरा पिट में मंगलवार को हुई विशेष बैठक में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के सामने कचरा चुनने वालों ने अपनी रोजी-रोटी से जुड़ी परेशानी बताई। कहा कि गंदगी के बीच कचरा चुनने को विशेष किट या मास्क तक नहीं है। सहायक स्वच्छता अधिकारी आराधना, पर्यावरण एवं सामाजिक सुरक्षा नोडल अधिकारी सिद्धांत कुमार व पब्लिक एंगेजमेंट ऑफिसर कौशल कुमार सिन्हा ने पीपीई किट, फेस मास्क, हैंड ग्लव्स, फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता व अन्य बातों के अलावा स्वच्छ पेयजल व शौचालय की सुविधा को लेकर भी जानकारी ली। बैठक में 23 कचरा चुनने वाले शामिल हुए थे。
बैठक का उद्देश्य
दरअसल, केंद्रीय आवासन व शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देश पर इस बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें मिले फीडबैक के आधार पर केंद्र को रिपोर्ट भेजी जाएगी। सिटीज 2.0 के तहत आने वाले समय में रौतनिया में बनने वाले एमआरएफ प्लांट में संबंधित पीकर्स की अहम भूमिका होगी। उन्हें प्लांट में काम से लेकर कबाड़ के व्यवस्थित रोजगार के मौके मिलेंगे, जिनसे उनकी आर्थिक व सामाजिक स्थिति बेहतर होगी।
अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का विकास
पब्लिक एंगेजमेंट ऑफिसर कौशल कुमार सिन्हा के मुताबिक सिटीज 2.0 के तहत मुजफ्फरपुर में सर्कुलर इकोनॉमी आधारित आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। इसके जरिए कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, पृथक्करण, पुनर्चक्रण व दोबारा उपयोग को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ शहरी विकास को मजबूती देने का लक्ष्य है। इस संबंध में कचरा चुनने वालों के जमीनी अनुभव और सुझाव परियोजना को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।


