जर्जर सड़क को लेकर प्रदर्शन, जाम में फंसे एसडीओ को लौटना पड़ा
मुशहरी के ग्रामीणों ने खुजलीपुर मोड़ से बेला जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर शनिवार को मुजफ्फरपुर-पूसा रोड को जाम कर प्रदर्शन किया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण जलजमाव से मुक्ति और सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाने के बाद जाम हटवाया।

मुशहरी, हिसं। खुजलीपुर मोड़ से बेला जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को मुजफ्फरपुर-पूसा रोड को जाम कर प्रदर्शन किया। दो घंटे तक जाम के कारण दोनों ओर से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। शहर से मुशहरी जा रहे अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार जाम में फंस गए। उन्हें वापस शहर लौटना पड़ा। वहीं, कई वाहन चालक मार्ग बदलकर गंतव्य की ओर गए। आक्रोशित लोग जलजमाव से मुक्ति और सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना पर पहुंचे मुशहरी थानेदार सुबोध कुमार मेहता और अपर थानेदार तेजप्रकाश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
काफी देर तक समझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए, जिसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि जब तक सड़क नहीं बनेगी, आंदोलन जारी रहेगा। स्थानीय राकेश कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि ने बताया कि इस मार्ग से ट्रक और ट्रैक्टर बेला औद्योगिक क्षेत्र जाते हैं। सड़क जर्जर है, जलजमाव के कारण गड्ढे नहीं दिखते, जिस कारण बाइक सवार गिरकर चोटिल हो जाते हैं। बावजूद प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है। बताया कि इस दिशा में सार्थक कदम नहीं उठाया गया तो फिर सड़क पर उतरेंगे।


