वैशाली एक्सप्रेस में हॉट एक्सेल से निकलने लगी चिंगारी, मची अफरातफरी
समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर वैशाली एक्सप्रेस में हॉट एक्सेल होने से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। ट्रेन को ढोली स्टेशन पर रोका गया, जहां आरपीएफ ने आग पर काबू पाया। यात्रियों में अफरातफरी मच गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। ट्रेन की जांच के बाद यह हाजीपुर के लिए रवाना हुई।
मुजफ्फरपुर/सकरा, हिन्दुस्तान टीम। समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के बीच वैशाली एक्सप्रेस में हॉट एक्सेल होने से चिंगारियां निकलने लगी। धुंआ उठने लगा। खुदीरामबोस पूसा स्टेशन मास्टर की सूचना पर कंट्रोल के आदेश पर ललितग्राम-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस को ढोली स्टेशन के होम सिग्नल पर रोका गया। आरपीएफ के जवान व पदाधिकारी के साथ प्वाइंट्समैन अग्निशमन यंत्र से कोच के नीचे घुसकर हॉट एक्सेल को ठंडा किया। इस दौरान अफरातफरी मच गई। बोगी से यात्री कूदने लगे। हालांकि कसी को कोई क्षति नहीं पहुंची। मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद कैरेज विभाग के मैकैनिकों ने फिर से हॉट एक्सेल की जांच की। इस दौरान ट्रेन फिट पायी गयी और वह हाजीपुर के लिए रवाना हो गयी।
इस दौरान मुजफ्फरपुर जंक्शन पर नियमित ठहराव से दो मिनट अतिरिक्त वैशाली एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफार्म दो पर रुकी। मालूम हो कि हॉट एक्सेल से पहले ट्रेन में ब्रेक बाइंडिंग होने की भी बात कही गयी। नारायणपुर अनंत आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने ढोली होम सिग्नल पर ट्रेन के हॉट एक्सेल होने की वजह से रोके जाने की पुष्टि की है। इंजन के बाद तीसरी बोगी के नीचे से चिंगारियां उठ रही थी। वैशाली एक्सप्रेस सुबह 11:24 से लेकर 11:50 बजे तक यानी 26 मिनट तक ढोली स्टेशन के होम सिग्नल पर रुकी रही। ट्रेन में आग की सूचना पर पहुंची भीड़ : ढोली स्टेशन के होम सिग्नल पर ट्रेन के रुकते ही यात्री जेनरल और स्लीपर बोगी से कूदने लगे। इससे मौके पर अफरातफरी मच गयी। सभी आननफानन में कोच खाली करने लगे। कई का सामान भी कोच के अंदर रह गया। हालांकि, आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को समझा बुझाकर शांत किया। इधर ट्रेन में आग की सूचना पर आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में स्टेशन पर पहुंचे गये। 13 किमी हॉट एक्सेल में चली ट्रेन : रेल मंडल मुख्यालय भेजी गयी रिपोर्ट में कहा गया है कि खुदीरामबोस पूसा के स्टेशन मास्टर ट्रेन के थ्रू पासिंग के दौरान हॉट एक्सेल को देखा। इसकी सूचना तत्काल उन्होंने कंट्रोल के साथ दुबहा स्टेशन मास्टर को दी। लेकिन, ट्रेन उच्च रफ्तार में होने से और थ्रू होने की वजह से दुबहा से भी ट्रेन निकल गयी। आखिर में ट्रेन को ढ़ोली स्टेशन के होम सिग्नल पर रोका गया। यानी खुदीरामबोस पूसा और ढोली के बीच 13 किमी ट्रेन हॉट एक्सेल में चली। क्या होता है हॉट एक्सेल : हॉट एक्सेल तब होता है जब ट्रेन के पहिये की धुरी अत्यधिक गर्म हो जाती है, जिससे घर्षण, धुआं और चिंगारी निकलने लगता है। इससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका होती है। ट्रेन की बोगी में आग लग सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




