Muzaffarpur News: छात्रों की भूख हड़ताल जारी, अधिकारियों से हुई बहस
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के छात्रों ने ड्यूक हॉस्टल को खोलने की मांग को लेकर भूख हड़ताल जारी रखी है। समर्थन में जदयू नेता और सामाजिक कार्यकर्ता धरनास्थल पर पहुंचे। छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य झूठी जानकारी फैला रही हैं। छात्र कहते हैं कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। ड्यूक हॉस्टल को खोलने को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों की भूख हड़ताल चौथे दिन शनिवार को भी जारी रही। भूख हड़ताल को समर्थन देने एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी और तिरहुत स्नातक क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार अभिषेक झा धरनास्थल पर पहुंचे। उधर, छात्रों से वार्ता करने गए अधिकारियों से छात्रों की तीखी बहस हुई। वार्ता करने प्रॉक्टर प्रो. विपिन राय, डीएसडब्ल्यू प्रो. अलोक प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर प्रो. राजीव कुमार और उप कुलसचिव प्रो. अमर बहादुर शुक्ला शामिल थे। छात्रों ने विवि प्रशासन का पुतला भी फूंका।
छात्रों की मांग
छात्रों का कहना है कि पूर्व में 70 छात्रों ने छात्रावास के लिए आवेदन किया था, लेकिन प्राचार्य अफवाह फैला रही है कि सिर्फ दो छात्रों ने आवेदन किया है। भूख हड़ताल पर बैठे छात्र सुशांत ने कहा कि पूर्व में भी प्राचार्य के द्वारा छात्रों के साथ छल किया गया। छात्रों के लिए आज से 100 वर्ष पूर्व लंगट बाबू ने छात्रावास बनवाया था, लेकिन प्राचार्य छात्रों को कैंपस से दूर रखने के लिए छात्रावास को बंद रखना चाहती हैं। भूख हड़ताल पर बैठे छात्र दीपेश ने कहा कि एससीएसटी के छात्र एवं सभी वर्ग के छात्राओं के लिए राज्य सरकार के द्वारा निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था के बावजूद प्राचार्य एवं कुलपति की मिलीभगत से छात्रों का आर्थिक एवं मानसिक शोषण लगातार किया जा रहा है। जब तक हमारी समस्याओं पर समाधान नहीं निकल जाता तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। अगर भूख हड़ताल पर बैठे साथियों का स्वास्थ बिगड़ता है तो इसके जिम्मेदार प्राचार्य और कुलपति होंगे।
समर्थन और प्रतिक्रियाएँ
छात्रों की भूख हड़ताल के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता रघुनंदन प्रसाद सिंह उर्फ अमर बाबू भी धरनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि छात्रों के इस अधिकार की लड़ाई में हम छात्रों के साथ हैं। जदयू नेता अभिषेक झा ने कहा कि छात्रों की इन स्थितियों से लोकभवन के अधिकारियों और सरकार को अवगत करा दिया गया है। एमएलसी ब्रजवासी ने कहा कि इन छात्रों को अगर न्याय नहीं मिला तो मैं इन भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाऊंगा। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. सादात खयाम ने कहा कि मैं पूर्व सैनिक होने के नाते अपने समाज के भविष्य की ऐसी स्थिति नहीं देख सकता। इस लोकतांत्रिक लड़ाई में मैं सदैव छात्रों के साथ हूं।


