पीजी थ्री के खाली 45 कमरों में विवि ने लगाया ताला

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में बीआरएबीयू के पीजी थ्री हॉस्टल के 45 खाली कमरों में प्रशासन ने ताला लगा दिया। सभी छात्रों को रिन्यूअल कराने की हिदायत दी गई है। हॉस्टल में अवैध रूप से रह रहे छात्रों के खिलाफ सख्ती बढ़ाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। सीसीटीवी और अन्य निगरानी उपाय लागू किए जाएंगे।

पीजी थ्री के खाली 45 कमरों में विवि ने लगाया ताला

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीआरएबीयू के पीजी थ्री हॉस्टल के खाली कमरों में गुरुवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने ताला लगा दिया। निरीक्षण के दौरान 45 कमरे खाली मिले, जिसमें ताला लगा दिया गया।हॉस्टल का निरीक्षण प्रॉक्टर प्रो. आरके चौधरी, डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह, विवि थाना अध्यक्ष प्रो. ललन झा और विवि के इंजीनियर ने किया। सभी छात्रों को हिदायत दी गई कि वे अपना रिन्यूअल करा लें, नहीं तो उनके कमरों में भी ताला लगा दिया जाएगा। प्रॉक्टर ने बताया कि शुक्रवार को पीजी टू और पीजी वन हॉस्टल के खाली कमरों में ताला लगाया जाएगा। बड़ी संख्या में सालों से हॉस्टल के कमरों में बिना रिन्यूअल के ही छात्र रह रहे हैं।

यह सारी सख्ती हॉस्टलों में अवैध रूप से रहनेवाले छात्रों पर कार्रवाई को लेकर की गई है। विवि ने हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों और छात्राओं की सूची बनाई है।पिछले दिनों पीजी हॉस्टल थ्री में हथियार तस्कर के पकड़ने जाने के बाद विवि प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने कहा कि कुलपति के आदेश के बाद छात्रावास समिति की बैठक बुलाई गई थी। छात्रावास समिति में अवैध रूप से रहने वाले छात्रों पर कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई। विवि की इस कार्रवाई के बाद छात्रावास में हड़कंप मचा रहा। रिन्यूअल के लिए लगातार छात्र आवेदन लेकर पहुंचते रहे। हॉस्टल में निगरानी की नई व्यवस्था भी बनाई जा रही है। सीसीटीवी समेत अन्य सख्ती बढ़ाई जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।