Muzaffarpur News: ट्रक चालक को जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर की लूटपाट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में एक ट्रक चालक को जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर लूट लिया गया। झांसा देकर एक फर्जी ट्रांसपोर्टर ने उसे बुलाया और उसकी जेब से 17,000 रुपये और दो मोबाइल चोरी कर लिए। चालक जब होश में आया, तो उसने थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, हिप्र। ट्रक चालक को जूस में मिला नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के गुरबक्सगंज गांव निवासी जितेंद्र कुमार है। शातिर अपराधी ने फर्जी ट्रांसपोर्टर बनकर उनको रामदयालुनगर में बुलाया और फिर उसके पास से दो मोबाइल और 17 हजार रुपये नकद लूट लिया। उसने सदर थाने में इसकी शिकायत की है।जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह तीन दिन पहले हरियाणा के झज्जर से अलकतरा लदा ट्रक लेकर बिहार आया था। बीबीगंज में ट्रक खाली करने के बाद उसने मझौलिया में गाड़ी पार्क कर रखी थी। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कथित ट्रांसपोर्टर का फोन आया।
फोन करने वाले ने झांसा दिया कि 30 टन मक्का लोड करके यूपी के उन्नाव ले जाना है। उसे रामदयालुनगर स्थित मलंग स्थान के समीप बुला लिया। वहां पहुंचने पर एक युवक ट्रक में सवार हुआ और मक्का लोडिंग का झांसा देकर आगे ले गया। रास्ते में युवक ने उसे जूस पीने को दिया। उसमें नशीला पदार्थ मिला था। जूस पीते ही वह बेहोश हो गया और आरोपित ने उसकी जेब से 17 हजार रुपये और दो मोबाइल निकाल कर फरार हो गया। जब उसका नशा हल्का टूटा तो उसने बेसुध हालत में ही ट्रक आगे बढ़ा दिया। तुर्की थाना क्षेत्र में उसकी गाड़ी आगे चल रही एक अन्य वाहन से टकरा गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पकड़कर उसे तुर्की पुलिस के हवाले कर दिया। चालक ने पूरी रात थाने में गुजरी। बुधवार को जब उसको होश आया तो उसने पुलिस को आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को ही उसके परिजन भी तुर्की थाने पहुंचे। इसके बाद परिजन चालक को लेकर सदर थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। सदर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।


