
सदर थाना भवन निर्माण का स्टोन चिप्स गिराकर निकले ट्रक को घेरकर लूटा
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में, एक ट्रक चालक को लूट का शिकार बनाया गया। ट्रक चालक सुधीर कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि छह अपराधियों ने उसे मारा-पीटा और 15,000 रुपये छीन लिए। अपराधी लूटा गया ट्रक...
मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सदर थाना के नये भवन के लिए भेल कॉलोनी में स्टोन चिप्स गिराकर निकले ट्रक को अपराधियों ने लूट लिया। घटना सदर थाना के दिघरा में एनएच-27 की है। ट्रक चालक को मारपीट कर अपराधियों ने 15 हजार रुपये छीन लिये। फिर उसे सड़क पर छोड़ दिया। अपराधी लूटा गया ट्रक लेकर समस्तीपुर की ओर भाग गये। पीड़ित चालक अहियापुर थाना के अकबरपुर निवासी सुधीर कुमार ने सदर थाने में छह अज्ञात के खिलाफ शिकायत की है। बताया है कि वह स्टोन चिप्स गिराकर नारायणपुर मालगोदाम जा रहा था। दिघरा में अचानक तीन बाइक पर सवार छह युवकों ने गाड़ी घेर ली।

रुकते ही मारपीट शुरू कर दी और गाड़ी से खींचकर नीचे उतार लिया। पॉकेट से 15 हजार रुपये भी निकाल लिये। जब तक कुछ समझता तब तक एक युवक ट्रक पर चढ़ा और गाड़ी लेकर समस्तीपुर की ओर बढ़ गया। इसके बाद अन्य बाइक सवार भी चले गए। चालक ने कॉल कर घटना की जानकारी ट्रक मालिक मझौली धर्मदास निवासी नवाज शरीफ को दी। वह मौके पर पहुंचे, जिसके बाद चालक को साथ लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि पीड़ित ने आवेदन दिया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की छानबीन में पता चला कि फाइनेंस के वसूलीकर्ता ट्रक छीनकर ले गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


