
मुकेश की 49वीं पुण्यतिथि पर संगीतमय संध्या का आयोजन
मुजफ्फरपुर में भारतीय सिनेमा के पार्श्व गायक मुकेश की 49वीं पुण्यतिथि पर बिहार आइडियल संस्था द्वारा 'श्रद्धांजलि मुकेश' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों ने मुकेश के सदाबहार...
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। भारतीय सिनेमा के कालजयी पार्श्व गायक मुकेश की 49वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बिहार आइडियल संस्था द्वारा पड़ाव पोखर में एक संगीतमय कार्यक्रम श्रद्धांजलि मुकेश का आयोजन किया गया। मुकेश की अमर गायकी और उनके भावपूर्ण गीतों को समर्पित इस संध्या ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा, साहित्यकार संजय पंकज, हिन्दू रक्षा सेना के जिलाध्यक्ष पंकज चौहान, राकेश पटेल ने किया। इन लोगों ने कहा कि मुकेश सिर्फ एक गायक नहीं बल्कि भारतीय सिनेमा के भावनात्मक पक्ष की आवाज थे। उनके गीत सीधे दिल से निकलते थे और दिल तक पहुंचते हैं।
आज की पीढ़ी को भी उनके गीतों से जुड़ने की जरूरत है। कार्यक्रम में विनय कुमार मुन्ना, संजीव कुमार, पंकज धीर, सपना कुमारी, बिपिन, जयनंदन सहनी, कलीमुद्दीन, गीता श्री ने मुकेश के सदाबहार गीतों को अपनी सुरीली आवाज़ों में प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। मुजफ्फरपुर के अलावा पटना, दरभंगा, समस्तीपुर, छपरा व बेतिया से आए कलाकारों ने जीना यहां, मरना यहां, कहीं दूर जब दिन ढल जाए, किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार, दिल जलता है तो जलने दे, सजन रे झूठ मत बोलो, मैं पल दो पल का शायर हूं जैसे मुकेश के कालजयी गीतों को गाकर दर्शकों को स्मृतियों में डुबो दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




