
मुजफ्फरपुर को जॉर्ज फर्नांडिस ने दिलाई अंतरराष्ट्रीय पहचान : डीएम
मुजफ्फरपुर में समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस की पुण्यतिथि पर कई श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला प्रशासन ने जॉर्ज स्मृति उपवन में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया। डीएम ने कहा कि जॉर्ज ने मुजफ्फरपुर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और यहां रोजगार के अवसर बढ़ाए। सभी ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
- जॉर्ज स्मृति उपवन में प्रशासन ने मुख्य कार्यक्रम आयोजित कराया मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। समाजवादी नेता और मुजफ्फरपुर के पूर्व सांसद जॉर्ज फर्नांडिस की पुण्यतिथि पर गुरुवार को जिले में जगह-जगह श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुए। जिला प्रशासन ने जॉर्ज स्मृति उपवन में मुख्य कार्यक्रम किया। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों और समाजवादी कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम आयोजित कर उनको श्रद्धांजलि दी। मुख्य समारोह में श्रद्धांजलि देने के बाद डीएम सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि मुजफ्फरपुर जॉर्ज फर्नांडिस की कर्मभूमि रही। इसको औद्योगिक मानचित्र पर उभार कर उन्होंने इसे प्रदेश और देश में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। खासकर बेला औद्योगिक क्षेत्र में आईडीपीएल और भारत वैगन जैसी बड़ी कंपनियों की स्थापना कर इस इलाके के युवाओं को ना केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए, बल्कि उत्तर बिहार की आर्थिक प्रगति को नई उंचाइयां प्रदान की।
कहा कि सादा जीवन और उच्च विचार के सिद्धांत पर चलकर हमेशा कमजोर, वंचित एवं शोषित वर्गों की आवाज बुलंद की। इस मौके पर नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता राजस्व कुमार प्रशांत, अपर समाहर्ता आपदा शैलेश कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता लोक शिकायत धनंजय कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार सहित कई अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर स्व. जॉर्ज फर्नांडिस के प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




