मुजफ्फरपुर डीटीओ और एडीटीओ को कारण बताओ नोटिस
मुजफ्फरपुर में परिवहन विभाग के अधिकारियों को राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा नहीं करने पर शो कॉज नोटिस जारी किया गया है। मुख्यालय ने डीटीओ कुमार सत्येन्द्र यादव सहित 40 अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। कार्रवाई में जमीनी अधिकारियों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें जांच अभियान चलाने और जुर्माना वसूलने की जिम्मेदारी दी गई थी।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा नहीं करने को परिवहन विभाग के मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यालय ने मुजफ्फरपुर के डीटीओ कुमार सत्येन्द्र यादव के अलावा दोनों एडीटीओ व एक एमवीआई से जवाब तलब किया है। इन अधिकारियों सहित मुख्यालय ने सूबे के परिवहन विभाग के 40 अधिकारियों को शो कॉज जारी किया है। साथ ही उनको तीन दिनों के भीतर मुख्यालय को स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मुजफ्फरपुर सहित नौ अन्य जिलों के डीटीओ से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। इनमें भागलपुर, सारण, मधुबनी, पटना, सीतामढ़ी, किशनगंज, अरवल, रोहतास और समस्तीपुर के डीटीओ शामिल हैं।
कार्रवाई का दायरा सिर्फ डीटीओ से आगे बढ़ाते हुए उन जमीनी अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया गया है, जिनको सड़क पर उतर जांच अभियान चलाने और जुर्माना वसूलने की जिम्मेवारी होती है। इसमें मुजफ्फरपुर के दोनों एडीटीओ के अलावा मुजफ्फरपुर, गया, बेतिया के मोटर वाहन निरीक्षक शामिल हैं। पत्र में जिक्र किया गया है कि ये अधिकारी फील्ड में पूरी तरह से सक्रिय नहीं रहे थे। इसका असर राजस्व वसूली पर पड़ा है। यह गंभीर स्तर की लापरवाही है। तय लक्ष्य हासिल करने में विफल रहे अधिकारियों से विभाग ने उन्हें पद पर बनाए रखने के औचित्य पर सवाल उठाया है। साथ ही नोटिस मिलने के तीन दिनों के भीतर संतोषजनक कारण बताते हुए जवाब देने को कहा है। शो कॉज नोटिस जारी होने के बाद जिलों में पदस्थापित परिवहन अधिकारियों में हड़कंप है। वहीं, निर्धारित समय में जवाब दाखिल करने को लेकर महकमे में हलचल तेज हो गई है, मुख्यालय ने जवाब देने में कोताही पर अधिकारियों के प्रमोशन से लेकर इंक्रीमेंट तक पर रोक लगाने की बात कही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



