Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsTrain Operations Halted on Muzaffarpur-Hajipur Line for IBH Work Services Affected
सवा घंटे बंद रहा ट्रेनों का परिचालन, यात्री हुए हलकान

सवा घंटे बंद रहा ट्रेनों का परिचालन, यात्री हुए हलकान

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर आईबीएच के काम के कारण दोपहर 1.50 बजे से सवा घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। तकनीकी काम के बाद 3.05 बजे से परिचालन सामान्य हुआ। मौर्य एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। आईबीएच लागू होने के बाद गति बढ़ेगी और एक बार में चार ट्रेनें रवाना होंगी।

Jan 16, 2026 05:06 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। इंटरमीडिएट ब्लॉक हट (आईबीएच) के काम को लेकर मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर दोपहर 1.50 बजे से सवा घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। इस दौरान ट्रेनों को तुर्की व अन्य स्टेशनों पर रोका गया। तकनीकी काम पूरा होने पर 3.05 बजे के बाद परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हुआ। इसके पहले दिन के 11.35 बजे से 1.35 बजे तक मुजफ्फरपुर व रामदयालु नगर के बीच सिग्नल के बदले मैनुअली मालगाड़ी, पैसैंजर व एक्सप्रेस गाड़ियों का परिचालन कराया गया। रामदयालु नगर स्टेशन व मुजफ्फरपुर जंक्शन के बीच मझौलिया रेल गुमटी के पास आईबीएच के काम को लेकर ब्लॉक लिया गया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके कारण मौर्य एक्सप्रेस समेत दर्जनभर ट्रेनें प्रभावित रहीं। इनमें अमृतसर से कटिहार जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस, अमृतसर से नरपतगंज जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस, अमृतसर-जयनगर स्पेशल ट्रेन, नई दिल्ली-ललितग्राम वैशाली एक्सप्रेस, रक्सौल- एलटीटी एक्सप्रेस, जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस, बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस व अन्य शामिल हैं। रेल ट्रैफिक से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक मौर्य एक्सप्रेस व कुछ अन्य ट्रेनों के परिचालन में डेढ़ घंटे तक की देरी हुई। कई ट्रेनें पहले से ही विलंब से चल रही थीं। एक बार में चार ट्रेनें होंगी रवाना, बढ़ेगी स्पीड आईबीएच लागू होने के बाद रामदयालु नगर सेक्शन पर गति बढ़ने के साथ एक बार में चार ट्रेनें रवाना होंगी। मुजफ्फरपुर से रामदयालु नगर के बीच एक बार में दो ट्रेनें रवाना होंगी। एक ट्रेन के मझौलिया रेल गुमटी पार करने पर मुजफ्फरपुर जंक्शन से दूसरी ट्रेन रवाना होगी। यही व्यवस्था रामदयालू नगर स्टेशन से मुजफ्फरपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों पर भी लागू होगी। मझौलिया रेल गुमटी के पास लगाए गए आईबीएच के लिए एक रिले रूम बनाया गया है।