
ऑटो की टक्कर से बाइक सवार दादा की मौत, पोता गंभीर
गोरौल में हजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक ऑटो ने बाइक को ठोकर मार दी, जिससे 70 वर्षीय महेश साह की मौके पर ही मौत हो गई। उनका पोता कृष्णनंदन घायल हो गया। चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गोरौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। हजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को महमदपुर दरिया गांव के समीप ऑटो ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिवहर जिले के तरियानी थाना अंतर्गत कुम्हरार निवासी 70 वर्षीय महेश साह की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका पोता कृष्णनंदन कुमार घायल हो गया। ठोकर मारने के बाद ऑटो लेकर चालक भाग गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोरौल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची गोरौल पुलिस ने मामले की छानबीन की। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि महेश साह की पत्नी का 14 दिन पहले निधन हो गया था। श्राद्धकर्म होने के बाद पोता के साथ महेश साह गंगा स्नान करने पहलेजा गए थे। स्नान के बाद घर लौटने के दौरान महमदपुर दरिया गांव के पास ऑटो ने पीछे से बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। थानेदार सुनील कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। घायल का इलाज चल रहा है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




