वाहन की ठोकर से बाइक सवार होमगार्ड जवान की मौत, चाचा गंभीर
मड़वन में रेवा रोड पर पोखरैरा टोल प्लाजा के पास एक वाहन की ठोकर से 28 वर्षीय सरोज कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। सरोज मुजफ्फरपुर में होमगार्ड थे और हाल ही में शादी की थी। एक अन्य घटना में, रवि कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने सड़क जाम कर दिया।

मड़वन, एक संवाददाता। रेवा रोड पर पोखरैरा टोल प्लाजा के समीप बुधवार देर शाम वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक मड़वन भोज वार्ड-12 निवासी गुरुशरण सिंह का पुत्र सरोज कुमार उर्फ गोलू सिंह (28) था। वह मुजफ्फरपुर में एसएसपी कार्यालय में होमगार्ड के रूप में तैनात थे। बताया जाता है कि सरोज अपने चाचा रामशरण सिंह के साथ बाइक से वैशाली जिले के ठीकहा धर्मपुर स्थित ससुराल से लौट रहे थे। इसी दौरान टोल के पास वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। रामशरण सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सरोज की पिछले साल शादी हुई थी। उन्हें एक पुत्री है। वह दो भाइयों में छोटे थे। उनका बड़ा भाई शिव कुमार सिंह बीएसएफ में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। इधर, जियन खुर्द वार्ड-13 निवासी नारायण साह के पुत्र रवि कुमार की इलाज के दौरान बुधवार रात मौत हो गई। रवि तीन दिन पहले करजा में ट्रक से टाइल्स उतारने के दौरान उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। गुरुवार सुबह परिजनों ने मुआवजा को लेकर शव के साथ रेवा रोड को जाम कर दिया। जाम के कारण गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। करजा थानेदार रामकृष्ण परमहंस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


