
हाइटेंशन तार टूटकर दरवाजे पर गिरा, चारपाई पर लेटा युवक जिंदा जला
संक्षेप: देवरिया के बुढ़ानपुर गांव में एक युवक काजू सिंह (35) की हाईटेंशन तार टूटने से मौत हो गई। वह अपनी बहन के घर छठ पूजा की सामग्री लेकर आया था। हादसे में उसकी बहन संतोष देवी और एक ग्रामीण भी झुलस गए।...
देवरियाकोठी, एक संवाददाता। देवरिया थाना क्षेत्र के बुढ़ानपुर गांव में रविवार की शाम करीब 6.30 बजे हाइटेंशन तार टूटकर गिरने से युवक जिंदा जल गया। वहीं, उसकी बहन ब्रजकिशोर सिंह की पत्नी संतोष देवी (44) और ग्रामीण विश्वनाथ सिंह (72) झुलस गए। परिजनों ने महिला को पारू सीएचसी में भर्ती कराया है। मृतक काजू सिंह (35) मोतीपुर थाने के महम्मदपुर बलमी का निवासी था। वह अपनी बहन के घर छठ पूजा की सामग्री लेकर आया था। शाम में दरवाजे पर रखी चारपाई पर लेटा था। इसी दौरान दरवाजे के ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार टूटकर काजू के शरीर पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर सुनते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बिजली विभाग को कई बार जर्जर तार बदलने को कहा गया, लेकिन ध्यान नहीं दिया। इधर, पारू सीएचसी के डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि महिला खतरे से बाहर है। थानेदार मनोज कुमार साह ने बताया कि एहतियातन घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है। निवर्तमान विधायक राजू कुमार सिंह ने परिजनों को सांत्वना दी। वहीं, डीएम और विभागीय एमडी से बात की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




