
मुजफ्फरपुर में दो मासूम बहनें सहित एक ही परिवार के पांच जिंदा जले
संक्षेप: मुजफ्फरपुर के मोतीपुर नगर परिषद वार्ड 13 में शनिवार सुबह एक भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। सभी लोग अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। आग शॉट-सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मुजफ्फरपुर/मोतीपुर, हिटी। मोतीपुर नगर परिषद वार्ड 13 नेता रोड में शनिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे जनवितरण प्रणाली दुकानदार के मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। सभी लोग अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। आग की लपटें इतनी तेज थी कि तीन कमरों को आगोश में ले लिया। मृतकों में महिला डीलर, उसके बेटे-बहू और दो पोती शामिल है। वहीं, झुलसने से पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बिजली के शॉट-सर्किट से आग लगने की बात बताई जा रही है। गेना साह के निधन के बाद उनकी पत्नी सुशीला देवी जनवितरण प्रणाली की दुकान संभाल रही थीं।

सूचना पर पहुंची फायरब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किचेन में आग नहीं लगी थी। गैस सिलेंडर भी सुरक्षित है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से चार घायलों को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। मरनेवालों में ललन कुमार गुप्ता (35), उसकी मां सुशीला देवी, पत्नी पूजा कुमारी (30), बेटी सृष्टि कुमारी (7), गोली कुमारी (2) शामिल हैं, जबकि घायलों में लालबाबू, उनकी पत्नी पुष्पा कुमारी, बेटी साक्षी कुमारी, भतीजी माला देवी शामिल है। इसके अलावा लालबाबू के भांजा मुकेश कुमार का सीएचसी में इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंचे थानेदार संजीव कुमार सिंह और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने घटना की जानकारी ली। उसके बाद एफएसएल के एक्सपर्ट को बुलाया गया। दीवार और एस्बेस्टस तोड़कर बुझाई गई आग : सुबह में आग लगने की खबर फैलते ही मोतीपुर नगर पंचायत के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। अग्निशमन की टीम पहुंची तो तीन मंजिले मकान के तीनों कमरों में लगी आग को बुझाना मुश्किल था। धुआं के कारण सीढ़ी से ऊपर जाना कठिन था। उसके बाद बगल की छत से लालबाबू प्रसाद के तीसरे मंजिल पर आग बुझाने के लिए एस्बेस्टस तोड़ा गया। बगल की दीवार भी तोड़ी गई। इसके बाद आग बुझाने के लिए पानी की बौछार की गई। मेडिकल के चिकित्सक रहे अलर्ट पर : हादसे की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच की इमरजेंसी में डॉक्टर नर्स और स्वास्थ्यकर्मी अलर्ट पर रहे। झुलसे लोगों के पहुंचते ही इलाज शुरू कर दिया गया। अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार सिंह खुद मौजूद रहे। इलाज में किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अधीक्षक से घटना की जानकारी लेते रहे। शव के पहुंचते ही इमरजेंसी से पोस्टमार्टम हाउस तक सुबह से अफरा-तफरी मची रही। परिजनों की चीख-पुकार से पोस्टमार्टम हाउस के बाहर माहौल गमगीन बना रहा। झुलसे तीन लोग 60% तक जले : घायलों में तीन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। तीनों 60 प्रतिशत से अधिक जले हुए हैं। उन्हें एसकेएमसीएच के विशेष बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। एसकेएमसीएच प्रबंधन ने बताया कि घायलों में लालबाबू प्रसाद, उनकी पत्नी पुष्पा देवी और साक्षी की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें पटना रेफर किया जा सकता है। ---- ::: आपबीती ::: नेपाल से बीमार चाचा को देखने आई थी माला : मेडिकल में इलाजरत झुलसी माला देवी ने कहा कि उसकी ससुराल नेपाल में है। चाचा लालबाबू और फुआ सुशीला देवी बीमार थी, जिसे देखने के लिए वह आई थी। गुरुवार को ही नेपाल लौटना था, लेकिन चाचा ने कहा शनिवार को चली जाना। इसलिए रुक गई थी। परिवार के सभी लोग रात में सो रहे थे। सुबह साढ़े चार बजे के आसपास धमाके की आवाज सुनकर जगी तो सारे घर में आग फैली हुई थी। धुआं से दम घुटने लगा। साक्षी के साथ कमरे से भागने का प्रयास किया। इस दौरान ही गिर गई। किसी तरह हिम्मत जुटाकर साक्षी और चाची पुष्पा के साथ निकली। चाचा लालबाबू प्रसाद भी भागने के दौरान झुलस गए। हादसे की खबर सुनकर माला देवी का बेटा अभिषेक नेपाल से मेडिकल पहुंच गए हैं। ---- तीन बजे लघुशंका के लिए जगे, तो सब कुछ ठीक था : एसकेएमसीएच में इलाजरत लालबाबू प्रसाद ने बताया कि करीब तीन बजे लघुशंका के लिए नींद खुली थी। तब सब कुछ ठीक-ठाक था। उसके बाद सोने चले गए। एक घंटे के बाद ही घर में आग लग गई। आग की लपटों में जोरदार आवाज आ रही थी। पूरा घर धुआं से भरा था, जिससे दम घुट रहा था। किसी तरह मुकेश और साक्षी को कमरे से बाहर निकाला। ----- बयान प्रथम दृष्टया लोगों ने बिजली के शॉट-सर्किट से आग लगने की बात बताई है। हादसे में पांच लोगों की जलकर मौत हुई है। पांच घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। एफएसएफएल की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। -सुचित्रा कुमारी, एसडीपीओ पश्चिमी-1 ----- इनकी गई जान 1. मां सुशीला देवी (60) 2. पुत्र ललन कुमार (35) 3. पत्नी पूजा कुमारी (30) 4. बेटी सृष्टि कुमारी (7) 5. बेटी गोली कुमारी (2) ----- ये हुए हैं घायल 1 लालबाबू प्रसाद (45) 2 पत्नी पुष्पा देवी (42) 3 बेटी साक्षी कुमारी (18) 4 भतीजी माला देवी (28) 5 भांजा मुकेश कुमार (25)

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




