स्कूल से लौट रहे टीचर को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर ही मौत
देवरिया के बंगरा-मुंजा गांव में शुक्रवार को बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार शिक्षक शिवशंकर झा को रौंद दिया। झा की मौके पर ही मौत हो गई। वे स्कूल से घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।

देवरिया पश्चिम पंचायत के बंगरा-मुंजा गांव के समीप एसएच 74 पर शुक्रवार को बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार शिक्षक को रौंद दिया। हादसे में स्कूल से घर लौट रहे देवरिया थाने की सरैया पंचायत के गौड़ा निवासी शिवशंकर झा (47) की मौके पर मौत हो गई। वे पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बिजधरी में कार्यरत थे। ग्रामीणों को जुटते देख ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार हो गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक देवरिया-साहेबगंज मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। मुखिया पति पुरुषोत्तम राय की सूचना पर पहुंचे देवरिया थानेदार मनोज कुमार साह ने छानबीन की।
वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। सरैया पंचायत के मुखिया अमोद शर्मा ने बताया कि शिवशंकर झा प्रतिदिन बाइक से स्कूल आते-जाते थे। शुक्रवार को स्कूल से घर लौटने के दौरान ट्रैक्टर ने सामने से बाइक में ठोकर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। शिक्षक को एक पुत्र है, जो मुजफ्फरपुर शहर में रहकर पढ़ाई करता है।
थानेदार ने बताया कि शिक्षक के परिजन मेडिकल पहुंच गए हैं। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। नंबर के आधार पर ट्रैक्टर मालिक की पहचान की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




