
सड़क हादसे में महिला की मौत
मोतीपुर में एनएच 27 पर गुरुवार को एक महिला की सड़क पर गिरने के बाद बेकाबू ट्रक द्वारा कुचलकर मौत हो गई। सुहाना खातून (22) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ट्रक चालक फरार हो गया है और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोतीपुर, हिन्दुस्तान संवाददाता। एनएच 27 पर बरजी चौक के समीप गुरुवार को बालू पर बाइक फिसलने से महिला सड़क पर गिर गई। इस बीच पीछे से आ रहे बेकाबू बालू लोड ट्रक ने महिला को कुचल दिया, जिसमें पूर्वी चंपारण जिले के मधुवन थाना क्षेत्र की गरहिया निवासी सुहाना खातून (22) की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे पति मो. अनवर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। घटनास्थल के पास ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।
हादसे के बाद एनएच की एक लेन पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक आवागवन बाधित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार दंपती मुजफ्फरपुर से मोतिहारी की ओर जा रहे थे। बरजी चौक के समीप एनएच 27 किनारे बालू का ढेर लगा था, जिस पर अचानक बाइक फिसल गई। इधर, थानेदार संजीव कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। परिजन भी मेडिकल पहुंच गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक जब्त कर ली गई है। पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




