Muzaffarpur News: बूढ़ी गंडक में दो किशोर बहे, तीन तैरकर बाहर निकले
Muzaffarpur News: मोतीपुर के अंजनाकोट गांव में बूढ़ी गंडक के भुरकुरवा घाट पर नहाने गए पांच किशोर बह गए। तीन तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन दो किशोर, अन्नु कुमार और उज्ज्वल कुमार, लापता हैं। एसडीआरएफ ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। अगले दिन फिर से तलाशी शुरू होगी।

Muzaffarpur News: मोतीपुर (मुजफ्फरपुर), हिन्दुस्तान संवाददाता। अंजनाकोट गांव के समीप बूढ़ी गंडक के भुरकुरवा घाट पर सोमवार को नहाने गए पांच किशोर तेज धार में बह गए। इसमें से तीन किसी तरह तैरकर बाहर निकले पर दो लापता हैं।
घाट पर जलाभिषेक
बताया जाता है कि पांचों दोस्त जलाभिषेक के लिए नदी में नहाने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो बाइक सवार पांच दोस्त घाट पर नहाने आए थे। बाइक पुल पर खड़ी कर पांचों दोस्त एक साथ नदी में छलांग लगा दी। दो किशोर नदी की तेज धारा में बह गए, जबकि तीन किसी तरह नदी से बाहर निकले। दिनेश भगत के पुत्र अन्नु कुमार उर्फ अंशु राज कल्लू (17) एवं मनोहर प्रसाद के पुत्र उज्ज्वल कुमार (14) का कोई अता-पता नहीं चल सका है।
तलाशी अभियान
सूचना पर सीओ तरुण कुमार और मोतीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। काफी देर तक एसडीआरएफ ने नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दोनों किशोरों का पता नहीं चला।
परिवार का दुख
बथना निवासी पंकज कुमार कुशवाहा ने बताया कि उसका भाई अन्नू कुमार उर्फ अंशु राज उर्फ कल्लू अपने दोस्त उज्ज्वल कुमार व अन्य साथियों के साथ भुरकुरवा घाट पर जलाभिषेक के लिए गया था। नदी में नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए, नदी में तेज बहाव के कारण दोनों बह गए। सीओ ने बताया कि बारिश और अंधेरा के कारण एसडीआरएफ की टीम नदी से निकल गई। मंगलवार को फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।


