अस्पताल में भर्ती मां के पास जा रहे बैंककर्मी से नो इंट्री के मुद्दे पर उठापटक
मुजफ्फरपुर में नो इंट्री में जाने पर बाइक सवार कैशियर और ट्रैफिक जवान में मारपीट हो गई। कैशियर अपनी बीमार मां को देखने जा रहा था। विवाद बढ़ने पर ट्रैफिक जवान की ऊंगली में चोट आई, और कैशियर को गिरफ्तार...

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। धर्मशाला चौक पर संतोषी माता मंदिर के बगल से सदर अस्पताल की ओर नो इंट्री में जाने से रोकने पर बाइक सवार निजी बैंक के कैशियर और ट्रैफिक जवान में मारपीट हो गई। बैंककर्मी की मां अस्पताल में भर्ती है। वह अपनी मां को देखने जा रहा था। नो इंट्री में रोकने पर ट्रैफिक जवान शंकर कुमार से उसका विवाद हो गया। बात बढ़ी तो दोनों में उठापटक हो गई। इसमें जवान की ऊंगली से खून बहने लगा। पुल के मुहाने पर ड्यूटी कर रहे दो अन्य जवान दौड़कर पहुंचे। इसके बाद तीनों जवान कैशियर को पकड़कर नगर थाना ले गए। कैशियर के खिलाफ नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में बैंककर्मी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ठाकुर नर्सिंग होम में भर्ती है। उसे रेफर किया गया था। बैंक से छुट्टी लेकर वह मां को दिल्ली ले जाने के लिए जा रहा था। उसने दिल्ली जाने के लिए ट्रेन की टिकट भी दिखाई। वह जीरोमाइल चौक स्थित एक बैंक में कैशियर है। जाम में फंसने के कारण लेट हो गया था। ट्रैफिक जवान से रिक्वेस्ट किया तो उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद भी वह जाने लगा तो उसकी बाइक को बंद करके चाबी खींच ली। इसी को लेकर विवाद हो गया। ट्रैफिक जवान ने उसपर डंडा चला दिया। जिसके बाद हाथपाई में जवान की ऊंगली में चोट आई है। वहीं ट्रैफिक जवान शंकर कुमार का कहना था कि नो एंट्री में जाने से रोका तो बाइक सवार ने उसके साथ बदसलूकी की। धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इधर, नगर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि पीड़ित जवान द्वारा दिये गए आवेदन की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


