Muzaffarpur News: एनएच 22 और 27 का मिलान स्थल पहाड़पुर मोड़ बना खतरनाक
Muzaffarpur News: हि. पड़ताल: - मोड़ पर किसी तरह का साइनेज लगा और ना ही ट्रैफिक

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। एनएच 27 और बाइपास के जंक्शन पहाड़पुर मोड़ पर वाहन चालकों की मनमानी से अराजक स्थिति बनती जा रही है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए यहां कोई सुरक्षा प्रबंध नहीं होने से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है। पिछले एक साल में ही दर्जनभर से अधिक छोटी बड़ी दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग जान गंवा चुके हैं और कई घायल हुए हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में इसपर चर्चा के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। अबतक यहां ना तो पुलिस पोस्ट बना और ना जवानों की तैनाती हो सकी है。
बदइंतजामी की स्थिति
पहाड़पुर मोड़ का ‘हिन्दुस्तान’ टीम जायजा लिया तो यहां की बदइंतजामी साफ नजर आई। दोपहर में मोतिहारी और शहर के अलावा दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और इस दिशा से आनेवाले वाहन बेतरतीब तरीके से निकलने के चक्कर में जाम लगा रहे थे। इनको नियंत्रित करने के लिए ना तो किसी भी तरह का साइनेज लगा हुआ मिला और ना ही यातायात पुलिस का कोई जवान दिखा। पहले निकलने के चक्कर में बाइक सवार खुद को खतरे में डाल दाएं-बाएं से निकलने की कोशिश कर रहे थे।
यातायात में सुधार की आवश्यकता
मधुबनी से हाजीपुर जा रहे एक निजी कंपनी के अधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि शनिवार को हाजीपुर से आने और फिर रविवार को जाने के क्रम में वे बराबर यहां जाम में फंसते हैं। इसका कारण दोनों सड़कों को आपस में मिलाते हुए यातायात नियंत्रित करने का उपाय नहीं होना है। यहां एक अंडरपास या ओवरब्रिज की दरकार है, ताकि वाहन बिना किसी परेशानी के लेन बदलते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकें।
परेशानियों का सामना
तिराहा होने के कारण बढ़ी परेशानी
सदातपुर से आने वाले वाहनों को बाइपास में मुड़ने के लिए विशेष परेशानी नहीं होती है। लेकिन, सीधी दिशा में कांटी की ओर जाने को सावधानी रखनी पड़ती है, क्योंकि बाइपास की ओर से आनेवाले वाहन काफी तेज गति से एनएच 27 के पश्चिमी लेन को पार कर पूर्वी लेन में प्रवेश करते हैं। इससे हमेशा दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इसी स्थिति का सामना कांटी की ओर से आने वाले वाहनों को बाइपास की ओर मुड़ने पर करना होता है। सदातपुर से आने वाले तेज गति के वाहन से टकराने का खतरा हमेशा रहता है।
पुलिस की तैनाती की योजना
पिछले साल बनी थी यातायात पुलिस को तैनात करने की योजना
बाइपास के चालू होने पर यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पोस्ट बनाकर जवानों की तैनाती की योजना बनी थी, जो आज तक धरातल पर नहीं उतर सकी। इसको लेकर पिछले महीने हुई बैठक में भी यातायात डीएसपी को नए निर्देश दिए गए थे। साथ ही जिला परिवहन अधिकारी को साइनेज लगाने को कहा गया था। फिलहाल ऐसी कोई पहल होती नहीं दिखी।
आवश्यक कदम उठाने की जरूरत
तिराहे पर यातायात पुलिस के जवान की तैनाती किए जाने की जानकारी नहीं है। इस संबंध में एसएसपी से संवाद कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एनएचएआई के अधिकारियों से समन्वय बनाते हुए ओवरब्रिज के प्रस्ताव को पारित कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
- कुमार गौरव, डीएम, मुजफ्फरपुर।
पहाड़पुर मोड़ से लेकर सदातपुर तक एक लेन में ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। मुख्यालय से हरी झंडी मिलते ही डीपीआर बनाकर काम शुरू करा दिया जाएगा।
- आनंद राज, पीआरओ, एनएचएआई पटना आरओ

