करजा थाना क्षेत्र के मड़वन-कांटी रोड में बुधवार देर शाम कर्मचारी के सहायक को गोली मार बाइक लूट के मामले में पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। उधर, घायल सहायक टुनटुन राम का ऑपरेशन नहीं हो सका है। अब भी गोली उसके पेट में फंसी हुई है। हालांकि, डॉक्टर ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। करजा थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित का बयान लेने के बाद जांच तेज कर दी गयी है। अपराधियों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी हो कि इसी रास्ते में रक्शा-बहादुर चौक के समीप गुरुवार रात भी बाइक सवार अपराधियों ने हवाई फायरिंग करते हुए बाइक लूट ली। जीपीएस लगे होने के कारण अपराधी बाइक बथना के पास चौर में छोड़कर फरार हो गये। सूचना पर करजा पुलिस ने बाइक बरामद की। आसपास के लोगों के अनुसार, इस इलाके में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इससे लोगों भयभीत हैं। साथ ही पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश भी है। लोगों का कहना है कि कभी भी कोई लुटेरों का शिकार हो सकता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इलाके में गश्त तेज कर दी गयी है। मड़वन व करजा में वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।