
पोखर में नहाने उतरे बीपीएससी शिक्षक की डूबने से मौत
कटरा थाना क्षेत्र के खंगुराडीह गांव में रविवार सुबह एक शिक्षक राकेश रोशन की पोखर में डूबने से मौत हो गई। राकेश झा की पोस्टिंग छह महीने पहले हुई थी। परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मुजफ्फरपुर/कटरा। कटरा थाना क्षेत्र के खंगुराडीह गांव में रविवार की सुबह पोखर में नहाने उतरे शिक्षक की डूबने से मौत हो गई। वह विजयचंद्र झा के पुत्र राकेश रोशन उर्फ पुतुल झा थे। छह माह पहले पुतुल झा की कांटी प्रखंड स्थित सरकारी स्कूल में पोस्टिंग हुई थी। वे बीपीएससी शिक्षक थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखर से निकलावकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। शिक्षक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। लोग भागे-भागे चामुंडा स्थान पहुंचे। विजयचंद्र झा ने पुलिस को बताया कि राकेश रोशन घर स्थित मंदिर में रोजाना पूजा करने जाते थे।

रविवार की सुबह वह पूजा के लिए गए थे। वहां बड़ी पोखर में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जहां डूबने से मौत हो गई। दस बजे तक जब घर नहीं पहुंचे तो खोजबीन शुरू की गई। वहां पहुंचे तो कुछ बच्चों ने बताया राकेश रोशन पोखर में नहा रहे थे। उसके बाद पोखर में तलाशी ली गई तो बेटे का शव मिला। विजयचंद्र झा ने पुलिस को बताया कि रोशन की शादी की बातचीत चल रही थी। शिक्षक दो भाइयों में छोटे थे। इधर, मेडिकल ओपी प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




