टेंट हाउस संचालक का फंदे से लटका मिला शव, आत्महत्या की आशंका

Apr 07, 2026 09:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में टेंट हाउस संचालक राजू सहनी की संदिग्ध मौत हुई। शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तीन पट्टीदारों पर जमीन के लिए धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। राजू के चार बच्चे हैं और वह परिवार का भरण-पोषण टेंट हाउस से कर रहा था।

टेंट हाउस संचालक का फंदे से लटका मिला शव, आत्महत्या की आशंका

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। शहर के सिकंदरपुर कुंडल बांध रोड स्थित घर में टेंट हाउस संचालक राजू सहनी (32) की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। कमरे में फंदे से लटका हुआ उसका शव बरामद हुआ। परिजन और स्थानीय लोगों की सूचना के बाद सिकंदरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच की। इस दौरान एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने जांच कर मौके से कई साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने मोहल्ले में ही रहने वाले तीन पट्टीदारों पर आरोप लगाया है।

इसमें कहा है कि तीनों राजू पर घर के बगल वाली दो कट्ठा जमीन औने-पौने दामों में लिखने का दबाव बना रहे थे। बीते दिनों आरोपितों ने अपने साथियों के साथ दादर में हथियार के बल पर जबरन जमीन का एग्रीमेंट भी करवा लिया था। इसके बाद जमीन रजिस्ट्री करने को लेकर लगातार फोन कर धमकी दे रहे थे। इस बीच कई बार घर पर आकर धमकी भी दी। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस कारण राजू मानसिक दबाव में था। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि सोमवार शाम आरोपितों ने 17 लाख रुपये भेजे थे। साथ ही फोन कर धमकाया था। इस कारण राजू काफी घबरा गया था। घटना से पूर्व सोमवार की रात सब लोग खाकर सो गए। देर रात करीब तीन बजे पत्नी जगी तो देखी राजू सहनी फंदे से लटका था। इसके बाद आनन-फानन में उसे फंदे से उतार कर ब्रह्मपुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत बताया। स्थानीय लोगों की माने तो राजू के चार छोटा-छोटा बच्चे हैं। घर में ही टेंट हाउस चलाकर राजू परिवार का भरण पोषण कर रहा था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इधर, थानेदार दुखी कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर जानकारी जुटा रही है। परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।